Bareilly News: विवि में दो छात्रनेता भिड़े, 15 दिन के लिए निलंबित
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को दो छात्रनेता अपने साथियों के साथ आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मारपीट हुई। मामले को गंभीरता से लेकर दोनों को 15-15 दिन के लिए निलंबित किया गया है।
विश्वविद्यालय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ठेके पर कार्य कर रहे अमित नाम का एक कर्मचारी दोपहर में मेस में खाना खाने जा रहा था। तभी छात्रनेता रवि प्रताप ने उसे रोका। आरोप है कि किन्ही पूर्वाग्रहों के चलते बदसलूकी करने लगा। सूचना पर छात्रनेता गजेंद्र कुर्मी बीच-बचाव के लिए आया। मामला बढ़ा तो सूचना मिलने पर हॉस्टल वार्डन भी पहुंचे। दोनों को समझाकर शांत कराया। फिर सब वहां से चले गए। तभी दोनों को प्रॉक्टर ने कार्यालय पर बुलाया। यहां पहुंचते ही दोनों के बीच फिर बहस होने लगी। बताते हैं कि प्रॉक्टर के सामने ही दोनों भिड़ गए। इसके बाद प्रॉक्टर एके सिंह ने दोनों को चेतावनी देते हुए 15-15 दिन के लिए निलंबित किया है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन किसी ने भी तहरीर नहीं दी है।



