बरेली

Bareilly News: पुलिस चौकी के सामने स्टोर से दो हजार मीटर तार चोरी

Connect News 24

बरेली। चोरों ने अहलादपुर पुलिस चौकी के सामने बिजली निगम के लिए काम कर रही कंपनी के स्टोर से तारों का जखीरा उड़ा लिया। यहां से मोटी एल्यूमिनियम केबल के चार ड्रम चोरी हुए हैं। इसमें करीब दो हजार मीटर से ज्यादा तार था। कीमत चार लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

जिले में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आरडीएसएस प्रोजेक्ट पर यूनिवर्सल मैप इंजीनियरिंग सर्विस लिमिटेड कंपनी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के लिए काम कर रही है। कंपनी ने अहलादपुर चौकी के सामने स्टोर बना रखा है। कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज वरुण पांडेय ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके मुताबिक, स्टोर के कैमरे देखने पर पता चला कि चार से पांच चोर केबल के ड्रमों को धकेल कर ले जा रहे हैं। वरुण ने पुलिस को स्टोर की सीसीटीवी फुटेज सौंपी है। चोर तार रखे ड्रमों को ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

सरकारी अस्पतालों से भी चोरी हुआ एसी वॉयर

तीन सौ बेड अस्पताल और जिला अस्पताल में भी हाल के दिनों में तार चोरी की घटनाएं हुई हैं। यहां अन्य प्रकार के तारों के अलावा एसी के वॉयर भी चोरी हुए। जब एसी बंद होने से मरीज तिलमिलाए तो इस बात का पता चला। अफसरों के कक्ष में लगे एसी भी बंद हो गए थे। जिला अस्पताल और तीन सौ बेड अस्पताल में पुलिस तैनाती के बावजूद चोरी की वारदातें हुईं।

हाफिजगंज में पकड़ा गया था गिरोह

पिछले महीनों में भोजीपुरा के औद्योगिक क्षेत्र में काफी दूरी तक के तार चोर काट ले गए थे। ग्रामीण इलाके में भी जा रहे तारों को काटने से सप्लाई गड़बड़ाई थी। इसके बाद हाफिजगंज थाना पुलिस ने तार चोरों का बड़ा गिरोह पकड़ा था। माना जा रहा था कि तार चोरी की घटनाएं अब नहीं होंगी। पर इन पर लगाम नहीं लग सकी।

वर्जन

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में तार चोरी की घटना के वीडियो से मदद मिलेगी। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। तार चोरी की अन्य घटनाएं हुई हैं तो उनमें भी कार्रवाई कराई जाएगी। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button