Bareilly News: सीसीटीवी कैमरों से होगी उर्स की निगरानी, बनेंगी अस्थायी चौकियां
बरेली। 10-12 सितंबर तक होने वाले उर्स-ए-रजवी के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अस्थायी पुलिस चौकियां बनेंगी। सोशल मीडिया की भी निगरानी की जाएगी। भ्रामक पोस्ट करने व अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोई भी नई परंपरा नहीं डालने दी जाएगी। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में ये फैसले लिए गए।
अधिकारियों व धर्मगुरुओं की बैठक में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने उर्स को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने नगर निगम, जल निगम, विद्युत निगम, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को उर्स के मद्देनजर साफ-सफाई, सड़क, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस्लामिया काॅलेज मैदान और मथुरापुर स्थित जामियातुर्रजा में होने वाले कार्यक्रमों पर अलग-अलग विमर्श हुआ।
इस्लामिया काॅलेज मैदान के आस-पास के विद्यालयों को जायरीन के लिए खाली कराने व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। जायरीन को यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए दरगाह के वालंटियर्स का आह्वान किया। संबंधित क्षेत्र में इस तरह दुकानें लगाने के निर्देश दिए जिससे कि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी सिटी राहुल भाटी, एसपी यातायात राम मोहन सिंह, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. आरडी पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट रेनू सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रत्युष पांडे, उर्स कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु आदि मौजूद रहे।

