Bareilly News: जांच करने के लिए गोशाला पहुंचे पशु चिकित्सक
रिछा। कचनारी गांव की गोशाला में अव्यवस्था के चलते कई गायों की मौत के बाद मंगलवार को प्रशासन हरकत में आया। उप पशु चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में गांव पहुंचे चिकित्सकों ने गायों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बीडीओ ने भी टीम लगाकर सफाई अभियान शुरू कराया।
गोशाला में अव्यवस्था के चलते कई गायों की मौत हो चुकी है। रविवार को हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने गोशाला पहुंचकर हंगामा भी किया था। सोमवार को यहां फिर दो गायों की मौत हो गई। हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने गोशाला में पशुओं को चारा मिलने समेत अन्य अव्यवस्थाओं का आरोप लगाया था। उन्होंने ग्राम प्रधान पर भी आरोप लगाए थे।
मंगलवार को पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. केपी सिंह, डॉ. विमलेश गुप्ता, डॉ. प्रदीप कुमार गोशाला पहुंचे। उन्होंने गोशाला का निरीक्षण करने के साथ ही गायों के स्वास्थ्य की जांच भी की। डॉ. विमलेश गुप्ता ने बताया कि जांच में सभी गायें स्वस्थ मिलीं। पिछले दिनों एक गाय की मौत हुई थी।
खंड विकास अधिकारी आनंद विजय यादव ने बताया कि गोशाला में साफ-सफाई के लिए 10 कर्मचारियों की टीम लगाई गई है। हरे चारे की व्यवस्था करने के साथ रास्ते को भी ठीक कराया गया है। ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि नियमित गायों को हरा चारा दिया जाए।



