Bareilly News: डीजे के खिलाफ उर्स-ए-रजवी के मंच से उठी आवाज
बरेली। मुस्लिम मंचों पर डीजे को लेकर लगातार मुखालफत हो रही है। अब उर्स-ए-रजवी के मंच से भी डीजे के खिलाफ आवाज उठी है, लेकिन तमाम लोग इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। हालात यह हैं कि उर्स में चादर लेकर आने वाले कई जुलूसों में भी डीजे शामिल रहे।
इस बार उर्स-ए-रजवी के मंच से उलमा ने डीजे का खुला विरोध किया। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां का पैगाम देते हुए मौलाना जाहिद रजा ने कहा कि मुसलमान अपने बच्चों की शादी में डीजे और बाजा न बजवाएं। यह गैर शरई है। मौलाना मुख्तार बहेड़वी, कारी सखावत हुसैन ने भी इस पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कहा। जुलूस-ए-मोहम्मदी में डीजे बजाने वाली अंजुमनों का बहिष्कार करने की बात कही।
पुराने शहर से निकलने वाली अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन डीजे को लेकर सख्त कदम उठा रही है। उनका कहना है कि जुलूस में डीजे को शामिल नहीं किया जाएगा और सड़कों पर गेट भी छोटे लगाए जाएंगे ताकि डीजे वाले वाहन गुजर न सकें। वहीं, शहर से निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की आयोजक अंजुमन खुद्दामे रसूल ने डीजे न लाने वाली अंजुमन को लॉटरी से उमरा कूपन देने की घोषणा की है। आईएमसी के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने यहां तक कहा था कि जुलूस-ए-मोहम्मदी ने डीजे लाने वाली अंजुमनों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, उर्स-ए-रजवी के दौरान मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने भी चादरों के जुलूस में डीजे लाने वालों की निंदा की है।
काशान-ए-नूरी में अदा की गई कुल की रस्म
बरेली। दरगाह स्थित काशान-ए-नूरी में आला हजरत के कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। आला हजरत ट्रस्ट के अध्यक्ष मौलाना मोहतशिम रजा खां कादरी की सरपरस्ती में हुए कार्यक्रम में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि आला हजरत पूरे देश की अमानत हैं। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उनकी किताबों को देश की विभिन्न भाषाओं में अनुवाद करके प्रकाशित किया जाए ताकि दूसरे लोगों को भी लाभ मिल सके। कार्यक्रम के आखिर में ख्वाजा गरीब नवाज अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन सैयद सुल्तान हसन चिश्ती ने दुआ की। लोगों को तबर्रुकात की जियारत कराई गई। इसके बाद तमाम लोग मोहतशिम मियां के हाथों पर मुरीद होकर अपने वतन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान हाजी हमशाद नूरी, सैयद शोएब मियां, सैयद असज अली, शानू साबिर, प्रो. आसिम मियां, कलीम कुरैशी आदि मौजूद रहे। संवाद
पीर के दर पर हाजिरी के बाद घर लौट रहे जायरीन
फोटो
– बुधवार को भी दरगाह पर रही भीड़, दुआ मांगने पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। उर्स-ए-रजवी में आए जायरीन की वापसी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। वापसी से पहले अकीदतमंदों ने दरगाह पहुंचकर हाजिरी दी। नियाज-नजर कर चादरपोशी व गुलपोशी की। दुआ भी मांगी। काफी लोग सिलसिले रजविया में भी शामिल हुए। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि बुधवार को काफी तादाद में जायरीन सुब्हान रजा खां व अहसन रजा खां से मुरीद हुए। इधर उर्स की कामयाबी पर टीटीएस की ओर से दरगाह शरीफ पर गुलपोशी की गई। साथ ही फातेहाख्वानी के बाद दुआ की गई। सज्जादानशीन अहसन मियां ने उर्स में सहयोग के लिए पुलिस-प्रशासन सहित तमाम खिदमत करने वालों का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान राशिद अली खान, अजमल नूरी, शाहिद नूरी, हाजी जावेद खान, परवेज नूरी, औरंगजेब खान, ताहिर अल्वी, सैयद फैजान अली, शान रजा आदि मौजूद रहे।
जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने बताया कि कई जायरीन काजी-ए-हिंद मुफ्ती असजद रजा खां कादरी से मुरीद हुए।



