बरेली

Bareilly News: जल मूल्य में 10 रुपये की बढ़ोतरी

Connect News 24

आंवला। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में बृहस्पतिवार को जल मूल्य में 10 रुपये की बढ़ोतरी का प्रस्ताव पास हो गया। नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अब 30 की जगह 40 रुपये देने होंगे। इससे उनकी जेब पर बोझ बढ़ेगा। बैठक में महिला सभासदों की जगह उनके पति के आने पर हंगामा भी हुआ। उन्होंने चेयरमैन पर विकास में अडंगा लगाने का आरोप लगाया।

पालिका सभागार में दोपहर 12 बजे से शुरू हुई बैठक में कई सभासदों की जगह उनके पति पहुंचे। एसडीएम के आदेश का हवाला देते हुए अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। इसको लेकर वह हंगामा करने लगे।समझाने पर वह बाहर चले गए। इसके बाद कार्यवाही शुरू हुई।

वार्ड एक की सभासद रानी देवी ने पिछली बैठक में सूची देने के बाद भी वार्ड में अब तक एक भी काम न होने का आरोप लगाया। कई और सभासदों ने भी अपने वार्ड से संबंधित मुद्दे उठाए। बैठक में ई-रिक्शा पर लगने वाला शुल्क घटाकर 50 रुपये करने, हाउस टैक्स 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये करने, रामलीला गेट के समीप भगवान परशुराम की मूर्ति लगवाने, सम्राट अशोक तिराहा का जीर्णोद्धार कराने को मंजूरी मिली। अब्दुल कलाम पार्क का सुंदरीकरण कराने और महापुरुषों के नाम पर स्वागत द्वार बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।

कस्बे में 35 सांकेतिक पथ प्रदर्शक बोर्ड लगाने, पांच प्रमुख स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगवाने, दो हजार एलईडी लाइट क्रय करने, 500 सोलर लाइट क्रय करने और रक्षाबंधन व भाईदूज पर ई-रिक्शा निशुल्क करने का प्रस्ताव पास हुआ। पालिका क्षेत्र में बसाई जाने वाली कॉलोनियों में शुल्क लेकर विकास कार्य कराने का प्रस्ताव खारिज हो गया। इस दौरान सभासद सुशील प्रजापति, सपना अग्रवाल, लक्ष्मी देवी, सचिन गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, सूरज पाल मौर्य, अनुप्रिया मौर्य, राधेश्याम, लियाकत अली, मोहम्मद अहमद, मधुसूदन सिंह, छोटे आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button