Bareilly News: पुलिस चौकी के सामने छेड़खानी कर रहे शोहदों को युवती ने धुना
नवाबगंज। रिछोला पुलिस चौकी के सामने छेड़खानी कर रहे शोहदों को युवती ने जमकर धुना। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई में खेल करते हुए शांतिभंग की आशंका में दो आरोपियों का चालान कर दिया। नाराज युवती ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है।
कस्बे के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती बुधवार को किसी काम से रिछोला किफायतुल्ला गई थी। लौटते समय दूसरे समुदाय के तीन बाइक सवार युवकों ने पुलिस चौकी के सामने उसका रास्ता रोक लिया। वह छेड़खानी करने लगे। युवती ने पहले तो अनदेखा किया। पीछा न छोड़ने पर वह उनसे भिड़ गई। युवती ने आरोपियों की बाइक की चाबी निकाल ली।
मारपीट होते देख वहां भीड़ जुट गई। राहगीरों ने भी तीनों आरोपियों की जमकर पिटाई की। इसके बाद उन्हें पीटते हुए चौकी के अंदर ले जाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। युवती ने मामले की तहरीर नवाबगंज थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में रिछोला चौकी के प्रभारी विपिन तोमर ने बताया कि युवती ने मोबाइल फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप लगाकर शिकायती पत्र दिया था। इसी मामले को लेकर युवकों की युवती से नोकझोंक हो गई। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के बाद मुजीब, नाजिर और बिलाल का नाम मुकदमे में शामिल किया गया है। दो का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। तीसरा आरोपी बिलाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। – राजीव कुमार सिंह, कोतवाल नवाबगंज



