Bareilly News: ये कैसी प्लानिंग… डायवर्जन के बाद हाईवे पर आमने सामने आए वाहन, लगा भीषण जाम
फतेहगंज पूर्वी। रविवार रात बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन फतेहगंज पूर्वी से दातागंज मार्ग पर करने की वजह से सोमवार तड़के नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लग गया। लोग घंटों परेशान हुए। इसके लिए पुलिस की प्लानिंग भी जिम्मेदार रही।
दरअसल, यातयात पुलिस ने शाहजहांपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को फतेहगंज पूर्वी के मेन चौराहे से दातागंज बदायूं मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया। उसी लेन पर बरेली से शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहन भी निकाले जाने लगे। कुछ ही समय में वाहन एक दूसरे के आमने-सामने आ गए और जाम लग गया।
मीरानपुर कटरा की तरफ पांच किलोमीटर तक वाहन फंस गए। करीब एक घंटे बाद पुलिस हरकत में आई। शाहजहांपुर की ओर से आने वाले वाहनों को मीरानपुर कटरा से खैरपुर, जैतीपुर, नवादा मोड़ होते हुए दातागंज बदायूं की तरफ डायवर्जन किया गया। तब दोपहर करीब दो बजे कुछ राहत मिल सकी। हालांकि वाहन रेंगते रहे।
उधर, दातागंज मार्ग की जर्जर हालत के कारण भारी वाहन चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए। डायवर्जन खत्म होने का इंतजार करते रहे। सोमवार को डायवर्जन खुलने की आस में फतेहगंज पूर्वी फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे की सर्विस लेन पर भी बड़े वाहन खड़े रहे। इस वजह से भी जाम लगा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जमा खुलवाया। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश गौतम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश आने के बाद ही हाईवे को वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाएगा।



