बरेली

Bareilly News: थाने पहुंची भीड़ तो झूला मालिक और आयोजकों पर दर्ज हुई रिपोर्ट

Connect News 24

भोजीपुरा। पीपलसाना चौधरी में रामलीला मेले में लगे झूले में करंट उतरने से युवक की मौत के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने झूला मालिक और मेला कमेटी के पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने मेला कमेटी के तीन पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया है। झूला मालिक के घर भी दबिश दी मगर वह फरार हो गया। भीड़ देर शाम तक थाने में डटी रही।

मेले में बुधवार देर रात कंचनपुर बस्ती के रहने वाले शिव कुमार उर्फ सन्नी (22) दोस्तों के साथ पहुंचे थे। झूला झूलने के बाद उतरते समय करंट की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को सुबह शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इधर, सुबह 10 बजे शिव कुमार के परिजन और रिश्तेदार थाने पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत किया। शिव कुमार के बड़े भाई रिंकू की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। सीओ नवाबगंज चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

डीएम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

डीएम रविंद्र कुमार भी बृहस्पतिवार को गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस तरह के आयोजन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। गांव पहुंचे बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि यहां बिजली आपूर्ति नहीं हो रही थी। हादसा जेनरेटर से हुआ।

नहीं निकाली गई राजगद्दी शोभायात्रा

हादसे के बाद राजगद्दी शोभायात्रा स्थगित कर दी गई। मेले में स्टॉल लगाने वालों ने भी सुबह ही अपनी दुकानें हटा लीं। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट रही।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button