Bareilly News: रुपये-जेवर लेकर चली गई पत्नी, पल्लेदार ने कर ली आत्महत्या
जैतीपुर। गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी रामलखन (30) ने बृहस्पतिवार को बरामदे में रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। वह अपने दो साल के बेटे अनुराग के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले उसकी पत्नी पड़ोसी गांव के युवक के साथ चली गई थी। तभी से वह मानसिक रूप से परेशान था।
रामलखन पल्लेदारी करता था। उसकी शादी परौर के गांव मंझा निवासी मुनीशा देवी से हुई थी। उससे एक बेटा अनुराग भी है। भाई उर्वेश ने बताया कि करीब 20 दिन पहले मुनीशा एक युवक के साथ पति व बेटे को छोड़कर चली गई थी। पत्नी की वापसी के लिए थाने के चक्कर लगाए। कार्रवाई न होने से काफी ज्यादा परेशान था।
बृहस्पतिवार को रामलखन मजदूरी कर लौटा था। बेटे को खाना खिलाकर सुला दिया। इसके बाद उसने बरामदे में रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह रामलखन घर से बाहर नहीं आया तब उर्वेश की पत्नी मीना मकान में गई। जहां उसका शव लटका देखकर चीख निकल पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पत्नी जेवर व लोन के रुपये लेकर चली गई, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
मृतक के भाई उर्वेश ने बताया कि रामलखन ने 80 हजार रुपये का बैंक से लोन निकाला था। आधे रुपये मकान पर खर्च कर दिए थे, जबकि 40 हजार रुपये घर में रखे थे। आरोप है कि भाभी मुनीशा नकदी व सोने के जेवर लेकर चली गईं। रामलखन ने थाने पर जाकर जाकर तहरीर दी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। कई बार चक्कर लगाने के बाद दो सिपाही खानापूर्ति कर लौट गए थे। पत्नी के साथ जमापूंजी जाने से रामलखन अवसाद में चला गया था। थाना प्रभारी राजितराम ने बताया कि पत्नी के जाने की कोई शिकायत उन्हें नहीं मिली है।
इस मामले में थाने में जानकारी की है। वहां से रामलखन की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं होने के बारे में बताया गया है। फिर भी कोई शिकायत आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– संजीव वाजयेयी, एसपी देहात



