बरेली

Bareilly News: दूसरे समुदाय के युवक ने छात्रा से की छेड़खानी, कॉलेज में हंगामा

Connect News 24

आंवला। डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची छात्रा से दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़खानी कर दी। इसके बाद धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हंगामा कर दिया। पिटाई के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर चेयरमैन आबिद अली भी कॉलेज पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने उन पर युवक को छुड़ाने का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को भी बुला लिया। दो घंटे तक कॉलेज परिसर में गहमागहमी रही।

शहर के एक मोहल्ले की छात्रा शुक्रवार को कॉलेज में परीक्षा देने आई थी। इसी बीच दूसरे मोहल्ले में रहने वाला दूसरे समुदाय का युवक भी कॉलेज पहुंच गया और छात्रा से छेड़खानी करने लगा। नगरिया गांव का छात्रा का एक रिश्तेदार भी कॉलेज में पढ़ता है। युवक की हरकतें देखकर उसने साथियों की मदद से उसे पीट दिया।

सूचना पर हिंदू जागरण मंच, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, विहिप और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता भी कॉलेज पहुंच गए। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई तो नगर पालिका के चेयरमैन आबिद अली भी कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने बातचीत कर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। इस पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को छुड़वाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाकर जाम लगाने की कोशिश की। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को भी मौके पर बुला लिया।

चेयरमैन और उनके समर्थकों को कॉलेज परिसर में देख मंत्री ने बाहरी व्यक्तियों को कॉलेज में बुलाने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन को फटकार लगाई। चेयरमैन को भी नसीहत दे डाली। एक घंटे तक कॉलेज प्रबंधन से जुड़े लोगों और चेयरमैन के साथ मंत्री ने बंद कमरे में बात की। इसके बाद वह कॉलेज से चले गए। मंत्री के जाने के बाद कार्यकर्ता भी लौट गए। मामले में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमपी सिंह से बात करने का प्रयास किया गया मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

शिक्षिका से अभद्रता का आरोप

आरोप है कि हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक शिक्षिका से अभद्रता की। उन्हें अपशब्द भी बोले गए। इस संबंध में जब शिक्षिका का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने बात नहीं की। कॉलेज प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी इन्कार कर दिया।

पहले भी छेड़खानी कर चुका है आरोपी

छात्रा के रिश्तेदार युवक ने बताया कि आरोपी काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा है। दो बार वह उसके साथ छेड़खानी कर चुका है। शुक्रवार को वह जबरन छात्रा का हाथ पकड़कर छेड़खानी कर रहा था।

कॉलेज में न आएं बाहरी

कॉलेज पहुंचे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने परीक्षा के समय बाहरी लोगों के परिसर में प्रवेश पर आपत्ति जताई। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से इस संबंध में व्यवस्था बनाने को कहा। कॉलेज के बाहर अराजक तत्वों का जमावड़ा न हो, इसके लिए भी निर्देश दिए।

वर्जन

हंगामे की सूचना पर कॉलेज गया था। तहरीर मिली है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। कॉलेज के आसपास अराजक तत्व जमा न हों, इसके लिए गश्त बढ़ाई जाएगी। ओपी गौतम, इंस्पेक्टर आंवला


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button