Bareilly: पुलिस ने हटवाए ‘मकान बिकाऊ’ वाले पोस्टर, हेल्पलाइन नंबर जारी करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी

घरों पर लगाए थे मकान बिकाऊ के पोस्टर
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बरेली में पुलिस ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर कई घरों के बाहर लगे ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर हटवाए। वहां स्थानीय लोगों को भरोसे में लेकर यह कार्रवाई की गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर जारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जोगी नवादा क्षेत्र में करीब सौ घरों के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखा गया था। कई घरों के बाहर यह लिखकर पोस्टर लगाए गए थे तो कई जगह दीवार पर लिखा गया था। पुलिस ने जांच में पाया कि कुछ खुराफाती तत्वों ने लोगों को उकसाकर ऐसा किया था। ऐसे पांच लोगों को बुलाकर बुधवार को पूछताछ की गई और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने स्थानीय लोगों को भरोसे में लेकर अधिकांश जगह से पोस्टर हटवा दिए। साथ ही कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। केवल खुराफाती तत्वों पर ही कार्रवाई की जाएगी।



