Budaun News: गोआश्रय स्थल में पांच दिन में चार गायों व एक बछड़े की मौत

बिसौली ब्लॉक के गांव हतसा की गोशाला में मौजूद संरक्षित पशु। संवाद
ग्रामीणों का आरोप- चारे-पानी के अभाव में जान गई, ध्यान नहीं दे रहे अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। ब्लॉक क्षेत्र के हतसा गांव के गोआश्रय स्थल में गायों का जीवन संकट में है। यहां चारे-पानी की समुचित व्यवस्था न होने से गायें दम तोड़ रहीं हैं। पिछले पांच दिनों में ही चार गायों और एक बछड़े की मौत हो चुकी है। जबकि दो-तीन गायें मरणासन्न हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
हतसा गांव के गोआश्रय स्थल में एक माह पहले गायों की संख्या 40 थी, लेकिन तब से संख्या निरंतर कम हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां गायों को नाममात्र का चारा डाला जाता है, जिससे उनका पेट नहीं भर पाता।
यहां की पेयजल व्यवस्था भी खराब है। गोआश्रय के अंदर एक टैंक बना हुआ है। उसमें बारिश का पानी भरा हुआ है। रूखा-सूखा चारा खाकर गायें वही पानी पीने को मजबूर हैं। इससे अधिकतर गायें बीमार भी हो गईं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समय भी दो-तीन गायें मरणासन्न हैं। ग्रामीणों के अनुसार यहां उपचार की भी कोई व्यवस्था नहीं है तो नियमित रूप से साफ-सफाई भी नहीं होती है। बावजूद इसके जिम्मेदार व्यवस्था सुधारने की दिशा में काम नहीं कर रहे हैं।
–
बुधवार शाम ग्रामीणों ने किया था प्रदर्शन
गायों की खराब हालत को लेकर बुधवार शाम ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। सूचना पर बीडीओ मुनव्वर, एडीओ पंचायत धनंजय कुमार, सचिव हरीश कुमार मौके पर पहुंचे थे लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा देखकर गांव से चले गए थे।
–
कासगंज का ठेकेदार लाता है सड़ा हुआ चारा
हतसा गांव में स्थित गोआश्रय स्थल के लिए चारा कासगंज का एक ठेकेदार आता है। ग्रामीणों का कहना है कि वह रोजाना चारा लेकर नहीं आता। सप्ताह में दो बार आता है और सड़ा हुआ चारा लाता है।
–
गोशाला में चारे की व्यवस्था नहीं है। जो मिल रहा है, वही डाल दिया जाता है। इसके अलावा हमारे पास कोई इंतजाम नहीं है।
– रामबाबू, प्रधान
–
गायों की हालत खराब है। अभी भी दो-तीन गायें बीमार हैं। इस संबंध में हम कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
– धनंजय कुमार, एडीओ पंचायत
–
गोशाला में चारे की कोई कमी नही है। वहां दो-तीन गायें बीमार हैं। हमने जानकारी पर टीम को मौके पर भेजा था, गायों का उपचार कराया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
– केशव कुमार, सीडीओ
–
डीएम ने कहा-जांच होगी
गोआश्रय स्थल में गायों के मरने की सूचना नहीं आई है। अगर ऐसा है तो बीडीओ से जांच कराएंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
– मनोज कुमार, डीएम