बरेली शीशगढ़ प्रकरण: दोनों ओर से हो रहे थे कमेंट, 40 घंटे में माहौल नहीं भांप पाई पुलिस… बिगड़ गया माहौल

शीशगढ़ में तैनात पुलिस फोर्स
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ में शुक्रवार रात धार्मिक टिप्पणी को लेकर बवाल हो गया था। भीड़ ने पहले थाने का घेराव किया, फिर आरोपी किशोर का घर घेरा और पथराव कर दिया। भीड़ आने से पहले ही आरोपी के परिवार ने घर के अंदर खुद को बंद कर लिया था। आरोपी किशोर के पकड़े जाने के बाद रात करीब दो बजे मामला शांत हो सका।
गुरुवार को किशोर की टिप्पणी के बाद करीब 40 घंटे से कस्बे में माहौल बिगड़ रहा था। दोनों समुदाय के बच्चे एक दूसरे पर धार्मिक टीका टिप्पणी कर रहे थे। मगर स्थानीय पुलिस भांप नहीं पाई। आखिरकार हालात बिगड़ने लगे। पीलीभीत जिले के सीमावर्ती थानों की पुलिस भी बुलानी पड़ गई। रात 12:45 बजे डीएम-एसएसपी और डेढ़ बजे कमिश्नर और आईजी भी पहुंचे।
ये भी पढ़ें- बरेली में फिर बवाल: शीशगढ़ में धार्मिक टिप्पणी से आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर घेरा, पथराव; सीओ से धक्कामुक्की
इससे पहले एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने मैदान में धरना दे रहे लोगों से बात की। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी से पहले न हटने की शर्त रख दी। तब पुलिस ने आरोपी को उसके घर से ही हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। इसकी पुष्टि के बाद लोग धरने से हटे।
एसपी देहात ने उन्हें आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। आला हजरत दरगाह से जुड़े संगठन टीटीएस के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ ने किशोर के खिलाफ नामजद तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।



