Budaun News: 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ से पहले निकाली गई कलश यात्रा

उझानी में कलश यात्रा के दौरान स्कूल के बच्चों का बैडं। संवाद
उझानी। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू होने से पहले बृहस्पतिवार को महिलाओं ने धूमधाम से कलश यात्रा निकाली। पीले कपड़े पहनकर महिलाएं सिर पर कलश लेकर निकलीं तो रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
शांतिकुंज हरिद्वार से आईं श्यामा राठौड़ के नेतृत्व में कलश यात्रा देवनागरी इंटर कॉलेज से शुरू होकर बिल्सी रोड बाजार के रास्ते घंटाघर चौराहा से होकर पुरानी अनाज मंडी और सहसवान रोड से महायज्ञ आयोजन स्थल संजरपुर रोड पहुंची। रास्ते में कोतवाली मोड़ के पास गायत्री परिवार के सदस्यों ने कलश यात्रा पर फूल बरसाए। संतोष कुमारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने बैंड बजाकर गायत्री भजनों की धुन निकाली। शोभायात्रा में घोड़े पर सवार रानी लक्ष्मीबाई की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
कलश यात्रा अपराह्न में संजरपुर स्थित स्व. जय सिंह यादव के कृषि फार्म पर बने महायज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। मेजबान आर्येंद्र और मुन्नी देवी ने शक्ति कलशों की आरती की। गायत्री परिवार की द्रौपदी, ललिता, शिवानी, हेमा और सविता ने मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया। चार दिन तक चलने वाले कार्यक्रम का पांच नवंबर को समापन होगा। कलश यात्रा समेत पूजन के दौरान नरेंद्रपाल शर्मा, सुरेंद्रनाथ शर्मा, सुखपाल शर्मा, रघुनाथ सिंह, ध्रुव यादव, वैभव शर्मा, ममता शर्मा, कल्पना मिश्रा, ऊषा, राजेश्वरी, सुरेंद्र पाल, भुवनेश शर्मा, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

उझानी में कलश यात्रा के दौरान स्कूल के बच्चों का बैडं। संवाद