Budaun News: 2.75 लाख बच्चों को पिलाई गई पोलियो ड्राप

बच्चे को पोलियो ड्राप पिलाते जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
– जिले भर में आज से चलेगा घर-घर अभियान
– पलिया सीएचसी क्षेत्र में 136 बूथों पर 19283 बच्चों को पिलाई गई खुराक
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। पांच साल तक के बच्चों को पोलियो वायरस से बचाने के लिए रविवार को अभियान शुरू हुआ। पहले दिन बूथों पर 2.75 लाख बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई गई। आज सोमवार से स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाएंगे।
पोलियो अभियान के शुभारंभ को लेकर रविवार को महिला अस्पताल में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शुभारंभ सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा ने एक नवजात को ड्रॉप पिलाकर किया।
सीएमओ ने कहा कि बच्चों को हर मां-बाप जागरूक रहकर पोलियो खुराक अवश्य पिलाएं। जो लोग पहले दिन बूथों पर जाकर बच्चों को ड्रॉप नहीं पिलवा सके हैं उनके लिए टीमें घर-घर पहुंचेंगी।
पलियाकलां। पल्स पोलियो अभियान के तहत सीएचसी गेट पर शिविर लगाया गया। शुरूआत पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता ने एक नवजात को पोलियो खुराक पिलाकर की। अधीक्षक डॉ भरत सिंह ने बताया कि पहले दिन बूथों पर 45801 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित है, जिसको शत प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले दिन 136 बूथों पर 19283 बच्चों को ड्रॉप पिलाई गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. भरत सिंह, कांउसलर अंकित दीक्षित, शिवलाल, रईस अहमद, किरन, सुनीता पांडेय आदि मौजूद रहे।
संपूर्णानगर। पल्स पोलियो अभियान के तहत थाना क्षेत्र के कई गांवों के प्राथमिक स्कूलों में बने बूथों पर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। रानीनगर कॉलोनी में प्राइमरी स्कूल में सपा के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी वकील खान ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर शुभारंभ कराया। इसके अलावा रानीनगर, संपूर्णानगर, बसही, प्रेमनगर, खजुरिया में पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई गई।

बच्चे को पोलियो ड्राप पिलाते जिला प्रतिरक्षण अधिकारी