Budaun News: 4.68 करोड़ से संवरेगा रेलवे स्टेशन
प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर कराया जाएगा छज्जे का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदायूं रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। इसके लिए 4.68 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। यहां दो प्लेटफॉर्म है और 10 ट्रेनें गुजरती हैं। यहां यात्री सुख-सुविधाओं को देखते हुए विस्तार किया जाएगा।
बदायूं रेलवे स्टेशन पर साइकिल स्टैंड का विस्तार किया जाएगा तो आरक्षण कार्यालय से मुख्य प्रवेश पोर्टिको तक कवर्ड पाथवे बनाया जाएगा। बुकिंग हाल में फॉल सीलिंग और भित्ति चित्र लगाए जाएंगे। प्लेटफार्म और पार्सल कार्यालय के बीच प्रतीक्षालय बनाया जाएगा। पैदल उपरिगामी पुल से प्लेटफॉर्म के छज्जे तक भी कवर्ड पाथवे बनाया जाएगा।
इसके अलावा दोनों प्लेटफार्मों पर पर्याप्त संख्या में वाटर बूथ बनाए जाएंगे। साथ ही नए डिजाइन के यूरिनल्स और वॉशबेसिन के साथ-साथ दिव्यांग प्रसाधन के दरवाजों को भी सुधारा जाएगा। प्रकाश व्यवस्था के लिए मिनी मास्ट और फ्लड लाइट लगाई जाएंगी। सौर ऊर्जा पैनल भी लगाए जाएंगे।
–
ट्रेनों के आने-जाने की मिलेगी पूर्ण जानकारी
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी यात्रियों को देने के लिए स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली लगाई जाएगी। प्रवेश हाल में तीन लाइन का ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा तो प्रतीक्षालय कक्षों में 43 इंच के एलईडी टेलीविजन और पीआरएस/यूटीएस हाल में 65 इंच का एलईडी डिजिटल साइनेज लगाया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या एक पर सिंगिल लाइन ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, एट-ए-ग्लांस बोर्ड, कोच डिस्प्ले गाइडेंस प्रणाली और जीपीएस घड़ी लगाई जाएगी। रेलवे स्टेशन के दोनों गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
–
बदायूं रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को 4.68 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। इसमें दोनों प्लेटफॉर्म की हालत सुधरेगी। दोनों गेट पर सीसीटीवी कैमरे और एलईडी लगाई जाएगीं। स्ट्रीट लाइट और पौधरोपण भी कराया जाएगा। – राजेंद्र सिंह, पीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे