Budaun News: 415 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

सालारपुर ब्लाक में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते नेता और अधिकारी।
बदायूं। जिले के पांच ब्लॉको में हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 415 जोड़े विवाह बंधन में बंध गए। इसमें 406 विवाह हिंदू रीति रिवाज से तथा नौ मुस्लिम रीति रिवाज से संपन्न कराए गए। सभी को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आशीर्वाद दिया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम ब्लॉक सालारपुर, अम्बियापुर, दातागंज, सहसवान तथा बिसौली में आयोजित किया गया। सालारपुर ब्लॉक में कादरचौक, वजीरगंज व जगत ब्लॉक के विवाह कराए गए। यहां 109 जोड़ों की शादियां कराई गईं। यहां शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, डीएम मनोज कुमार, सीडीओ केशव कुमार आदि ने नवदंपतीयाें पर पुष्प वर्षा की एवं आशीर्वाद दिया।
सदर विधायक ने कहा कि जीवन में सबसे बड़ा दान कन्यादान माना जाता है। प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कर सबका साथ सबका विकास करने का ऐतिहासिक काम किया है।
इसके अलावा विधानसभा बिल्सी का कार्यक्रम ब्लॉक अंबियापुर में कराया गया। यहां इस्लामनगर और उझानी ब्लॉक के 96 जोड़ों की शादियां कराई गईं। दातागंज ब्लॉक में समरेर, उसावां और म्याऊ ब्लॉक के 70 जोड़ों के विवाह कराए गए। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रामजनम, महाराज सिंह आदि मौजूद रहे।
बिसौली में 120 तथा सहसवान में हुए 20 विवाह
बिसौली। ब्लॉक में बिसौली तथा आसफपुर के 120 जोड़ों के विवाह कराए गए। मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ने सभी जोड़ों को अपनी ओर से टेबल फैन देने की घोषणा की। मदन लाल इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ नितिन यादव, ज्योति शर्मा, हरिओम पाराशरी, दुर्गेश वार्ष्णेय, ओमकृष्ण, अमित पाठक आदि मौजूद रहे।
सहसवान। ब्लाॅक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 20 जोड़ों की शादी कराई गई। यहां ब्लाॅक सहसवान के 15 और ब्लाॅक दहगवां के पांच जोड़ों के विवाह हुए। नवदंपतीयों को उपहार भेंट किए गए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख के पति विक्रांत यादव ने सभी जोड़ों को कंबल भेंट किए। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, बीडीओ विजय कुमार, डीके भारद्वाज, सौरभ माहेश्वरी, पीयूष माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।

सालारपुर ब्लाक में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते नेता और अधिकारी।


