Budaun News: नगर पालिका दफ्तर के सामने ट्रांसपोर्ट से 42 पेटी पटाखे बरामद

वाहन में लादे गए बरामद पटाखे। संवाद
बदायूं। शहर के बीच नगर पालिका ऑफिस के सामने बुधवार दोपहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर 42 पेटी पटाखे बरामद किए। पुलिस के मुताबिक ट्रांसपोर्ट में रखकर पटाखे फुटकर में बेचे जा रहे थे। ट्रांसपोर्ट मालिक व नौकर को हिरासत में ले लिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका कार्यालय के सामने बाबा ट्रांसपोर्ट है। यह नगर पालिका की दुकानों में ही चल रहा है। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल, सीओ सिटी आलोक मिश्रा और कोतवाली इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ ट्रांसपोर्ट पर पहुंचे। उन्होंने ट्रांसपोर्ट में घुसकर छानबीन शुरू की तो वहां पेटियों में पटाखे भरे मिले। करीब एक घंटा चली तलाशी में ट्रांसपोर्ट से 42 पेटी आतिशबाजी बरामद हुई।
बताया जा रहा है कि उस दौरान ट्रांसपोर्ट संचालक भोला नारंग मौजूद नहीं था, लेकिन नौकर अमन वहां था। उसकी सूचना पर ट्रांसपोर्ट संचालक भी वहां पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि आतिशबाजी ट्रांसपोर्ट के जरिये दुकानदारों ने मंगाई है। इसे बिल्टी देखकर दुकानदारों को दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। कोतवाली इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में हो चुके हैं दो भीषण हादसे, जान गवां चुके हैं 13 लोग
जिले में पटाखों की वजह से दो भीषण हादसे हो चुके हैं। इनमें एक हादसा कई साल पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर के नजदीक हुआ था। यहां सड़क किनारे दुकान में पटाखे बनाए जाते थे। पटाखे बनाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया था। इसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति ने कुछ दिन बाद दम तोड़ दिया था। ऐसा ही एक हादसा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा में हुआ था। यहां तो पूरी बिल्डिंग ही उड़ गई थी। इसमें भी चार लोगों की मौत हुई थी।
– सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट से फुटकर में पटाखे बेचे जा रहे हैं। इस पर छापा मारा गया तो यहां करीब 42 पेटी पटाखे बरामद हुए हैं। इसमें बाबा ट्रांसपोर्ट के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। – आलोक मिश्रा, सीओ सिटी

वाहन में लादे गए बरामद पटाखे। संवाद

वाहन में लादे गए बरामद पटाखे। संवाद