Budaun News: डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

मृतक सुजल ऊर्फ बिट्टू का फाइल फोटो।
– यदु शुगर मिल में प्लांट पर काम करता था सुजल, डंपर चालक की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली। कोतवाली क्षेत्र में डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।
बरेली के महानगर निवासी 23 वर्षीय सुजल गुप्ता उर्फ बिट्टू यदु शुगर मिल से निकलने वाली मैली से ईंधन बनाने का प्लांट चलाता था। सोमवार की रात करीब 11 बजे सुजल प्लांट पर काम निपटाकर घर लौट रहा था। रानेट चौराहे के पास बिसौली की ओर से जा रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुजल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में बिसौली कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला का कहना है कि वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।