Budaun News: एक दिन पहले ही रूट डायवर्जन लागू, लोगों को हुई परेशानी
– दोपहर बाद अचानक सख्त कर दी गई पुलिस सुरक्षा व्यवस्था
– बरेली-मथुरा हाईवे और शहर के बाइपास पर लगाए गए बैरियर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या देखते हुए बृहस्पतिवार दोपहर बाद अचानक रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अगले चार दिन तक जिले में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। अगर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती रही तो रूट डायवर्जन जारी रहेगा। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अब उन्हें रूट डायवर्जन के अनुसार सफर करना पड़ रहा है।
इस बार कछला गंगाघाट पर ज्यादा भीड़भाड़ रहने का अनुमान है। इससे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बृहस्पतिवार से अपनी तैयारियां शुरू कर दीं। कछला गंगा घाट से लेकर बरेली-मथुरा हाईवे और शहर के बाइपास पर कांवड़ियों को कोई दिक्कत न हो इसकी कोशिश की जा रही है।
पुलिस विभाग की ओर से श्रावण मास शुरू होने से पहले ही रूट डायवर्जन तैयार कर लिया गया था। पिछले हफ्ते की तरह बृहस्पतिवार को ही दोपहर बाद से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह रूट डायवर्जन शुक्रवार रात आठ बजे से लागू किया जाना था लेकिन बृहस्पतिवार को अचानक कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई। इससे नजदीकी जिलों कासगंज, संभल और बरेली में बृहस्पतिवार से ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। उसके हिसाब से बदायूं में भी रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया।
इसके तहत बरेली-मथुरा हाईवे को बंद कर दिया गया है। कछला से लेकर शहर और बरेली हाईवे तक कांवड़ियों के अलावा किसी दूसरे वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके तहत खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के सामने बैरियर लगाकर वाहनों को रोक दिया गया है। बरेली जाने वाले सभी वाहनों को कुंवरगांव, आंवला, गैनी, अलीगंज होते हुए निकाला जा रहा है।
बरेली से आने वाले वाहन भी इसी रूट से आ रहे हैं। चंदौसी-मुरादाबाद की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को सरदार पटेल चौराहे पर ही रोका जा रहा है। केवल रोडवेज बसें खेड़ा नवादा, दातागंज तिराहा होते हुए स्टैंड पहुंच रहीं हैं।
–
जिले के यात्रियों की परेशानी बढ़ी
बृहस्पतिवार को अचानक रूट डायवर्जन लागू होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि रूट डायवर्जन शुक्रवार रात आठ बजे से लागू होना था लेकिन एक दिन पहले से ही कांवड़ियों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई। इससे बृहस्पतिवार दोपहर बाद से ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया। जो यात्री यह सोचकर चले थे कि उन्हें रूट डायवर्जन से होकर गुजरना नहीं पड़ेगा, उन्हें अचानक इस वजह से परेशानी उठानी पड़ी।
–
इधर से होकर गुजरेंगे वाहन
1. फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से आगरा, कासगंज और दिल्ली जाने का रूट
– फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से आगरा, दिल्ली और कासगंज जाने वाले भारी वाहन उसावां, म्याऊ चौकी से डहरपुर, दातागंज, बेलाडांडी, फतेहगंज पूर्वी, बरेली, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए गुजरेंगे।
2. बरेली से कासगंज, आगरा, दिल्ली जाने का रूट
– बरेली से कासगंज, आगरा दिल्ली जाने वाले भारी वाहन गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए जाएंगे।
3. मुरादाबाद से कासगंज, आगरा, दिल्ली जाने का रूट
– मुरादाबाद से कासगंज, आगरा, दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते भेजे जाएंगे।
4. मुरादाबाद, चंदौसी से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर जाने का रूट
– मुरादाबाद, चंदौसी से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर जाने वाले वाहन बिसौली से आंवला, गैनी, बरेली, फतेहगंज पूर्वी, बेलाडांडी, दातागंज, डहरपुर से म्याऊ, उसावां होते हुए जाएंगे।
5. कासगंज, आगरा, दिल्ली से मुरादाबाद, बरेली, फर्रुखाबाद जाने का रूट
– कासगंज, आगरा, दिल्ली से मुरादाबाद, बरेली, फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन अलीगढ़, नरौरा होकर सहसवान, बिसौली, आंवला, गैनी, बरेली, फतेहगंज पूर्वी, बेलाडांडी, दातागंज, डहरपुर से म्याऊ चौकी, उसावां होते हुए निकलेंगे।
6. बदायूं से बरेली जाने का रूट
– बदायूं से बरेली जाने वाली रोडवेज बसें और अन्य हल्के वाहन नवादा चौकी से कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी, अखा, रामगंगा से लालफाटक होते हुए बरेली आएंगे और जाएंगे।