Budaun News: चार गांवों में घुसा पानी… ग्रामीणों की बढ़ी दुश्वारी

टोंटपुर करसरी के खेतों में भरा पानी
संपर्क मार्ग डूबा, खेतों में भरा पानी, पशुओं के चारे का भी संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ सहसवान। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पानी अब गांवों में भी घुसने लगा है। बृहस्पतिवार को सहसवान क्षेत्र के गांव वीरसहाय नगला समेत चार गांवों में पानी घुस गया। इसकी वजह से लोगों को कई दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
पहाड़ों और मैदानी क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसका सीधा असर गंगा पर देखने को मिल रहा। हालात यह हैं कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसकी वजह से गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को दिक्कत बढ़ गईं हैं। बृहस्पतिवार को सहसवान क्षेत्र के वीरसहाय नगला समेत परशुराम नगला, खागी नगला, टोंटपुर करसरी में पानी घुस गया।
बाढ़ का पानी गांवों में आने से संपर्क मार्ग पूरी तरह से डूब गया। साथ ही खेतों में पानी भरने से पशुओं के चारे का भी संकट खड़ा हो गया। स्थिति यह है कि कई परिवार घरों में कैद हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनसे बाढ़ खंड के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया है
–
प्राथमिक स्कूल में रहने की जा रही व्यवस्था
– बाढ़ का पानी गांवों में आने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम सहसवान प्रेमपाल सिंह ने बताया कि जिन गांवों में पानी भर गया है, वहां लोगों से बात की जा रही है। उनकी सिठोलिया में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में रुकने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही खाने-पीने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। नाव की व्यवस्था भी कराई गई है।
–
सात में से तीन तटबंध अति संवेदनशील
जिले में गंगा नदी पर सात तटबंध बने हुए हैं जो ईसमपुर, नगला अजमेरी, गंगा महाबा, चंदनपुर हुसैनपुर, जोरीनगला, उसहैत और उसावां में है। इनमें से गंगा-महाबा, उसहैत, उसावां तटबंध को अति संवेदनशील तो जोरीनगला तटबंध को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। बाकी तीन तटबंध सामान्य श्रेणी में शामिल हैं।
–
बुधवार को बैराजों से छोड़ा गया पानी
-नरौरा से 145780 क्यूसेक
-बिजनौर 216418 क्यूसेक
-हरिद्वार से 132877 क्यूसेक
–
– गंगा के खतरे का निशान-162 मीटरगेज पर
– गंगा बह रही 162.74 मीटरगेज पर
तीन दिन से अंधेरे में है गांव वाले
उसहैत। क्षेत्र के गांव जटा में ठोकरों को काटते हुए तो भुंडी गांव के खेतों में पानी भर गया है। इसके साथ ही बछौरा गांव की ओर पानी बढ़ने लगा है। यहां तीन दिन से गांव में बिजली नहीं आ रही है। इससे लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है। संवाद

टोंटपुर करसरी के खेतों में भरा पानी

टोंटपुर करसरी के खेतों में भरा पानी