बरेली

Bareilly News: चार दशक बाद जुलाई में अब तक 22 फीसदी ज्यादा बारिश

Connect News 24

बरेली। अबकी बार मंडरा रहा मानसून चार दशक का रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक इस जुलाई में अब तक 22 फीसदी ज्यादा बारिश हुई और आगे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। अब तक मीरगंज में बारिश का आंकड़ा 200 मिमी के पार पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के पास 1981 से पहले के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। उनके रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले चार दशक से जुलाई के शुरुआती 12 दिनों में औसतन छह-सात दिन ही बारिश हुई। इस दौरान न्यूनतम 98 तो अधिकतम 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस साल चार और पांच जुलाई सिर्फ दो दिन ही खाली गए। 10 दिन बारिश होने से आंकड़ा 165 मिमी के पार जा पहुंचा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक इस बार पश्चिमी विक्षोभ उच्च वायुदाब की स्थिति में भी 30 डिग्री के नीचे या आसपास रहा। लिहाजा, अनुकूल माहौल मिलने पर बारिश जारी रही। पिछले वर्षों में पश्चिमी विक्षोभ घिरता रहा पर अनुकूल माहौल का अभाव होने से ज्यादा बारिश नहीं हो सकी।

बताया कि मीरगंज तहसील में छह जुलाई को सर्वाधिक 120.5 मिमी बारिश हुई थी। जबकि अन्य दिन सामान्य रहे। इससे मीरगंज में आंकड़ा 200 मिमी के पार जा पहुंचा। छह जुलाई को बरेली शहर में 27.2 मिमी बारिश हुई थी। पिछले 12 दिन में नवाबगंज में 104 मिमी, फरीदपुर में 111 मिमी, आंवला में 124 मिमी, बहेड़ी में 137 मिमी बारिश हो चुकी है।

बृहस्पतिवार को सुबह से बादल मंडराते रहे। दोपहर एक बजे कुछ देर रिमझिम बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन तक अनुकूल माहौल बने रहने पर तेज हवा संग बारिश के आसार जताए हैं। बीते 24 घंटे में 0.4 मिमी बारिश हुई। दिन भर बादल मंडराने से अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 29.8 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीते 12 दिनों में बरेली में हुई बारिश

तिथि बारिश मिमी में

1 जुलाई 03.0

2 जुलाई 14.0

3 जुलाई 06.0

6 जुलाई 27.2

7 जुलाई 41.0

8 जुलाई 16.6

9 जुलाई 28.0

10 जुलाई 12.0

11 जुलाई 05.0

12 जुलाई 13.1


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button