Budaun News: दातागंज से शाहजहांपुर मार्ग पर भरा पानी, 50 गांव प्रभावित

हजरतपुर गढि़यागंज मार्ग पर भरा पानी।
-हजरतपुर से गढि़या रंगीन होते हुए जाते हैं लोग, तीन से चार फुट भरा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ दातागंज। हजरतपुर से गढि़या रंगीन होते हुए शाहजहांपुर को जाने वाला रास्ता भी पानी में डूब गया है। हजरतपुर से गढि़या रंगीन जाने वाले रास्ते पर तीन से चार फुट पानी भर गया है। ऐसे में दोनों ओर के 50 गांवों का संपर्क आपस में टूट गया है।
रामगंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसका असर दातागंज क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। साथ ही पानी संपर्क मार्ग पर चलने लगा है। जिसकी वजह से आवागमन बाधित हो गया है। ऐसे में इन गांवों के लोगों का काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इन गांवों के लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं।
–
आठ गांवों का तहसील मुख्यालय से कटा संपर्क
तहसील क्षेत्र के शेरपुर, पट्टीविजा,लालपुर खादर, हररामपुर समेत आठ गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से पूरी तरह से कट गया है। ऐसे में प्रशासन ने जरूरी काम के इस्तेमाल के लिए यहां नाव की व्यवस्था की है।