Budaun News: अंडरपास में भरा पानी, तीन किमी ज्यादा दूरी तय कर निकल रहे लोग

शहर के अंडर पास में भरा पानी।
शहर समेत कई जगहों पर पानी भरने के बाद आ रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बारिश के मौसम में रेलवे के अंडरपास में पानी भरने से राहगीरों को दिक्कत हो रही है। ऐसे में कुछ लोग रास्ता बदलकर दूसरे रास्ते से तीन किमी अधिक दूरी तय कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग जान जोखिम में डालकर बाइक और साइकिल से रेल लाइन पारकर निकल रहे हैं।
जिले के कई स्थानों पर ट्रेन के आने पर रेलवे क्राॅसिंग बंद होने से लोगाें का काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था। इसको ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अधिकांश रेलवे क्राॅसिंग को बंद करते हुए अंडरपास बनवाए, ताकि लोग ट्रेन आने पर बिना रुकावट आ-जा सकें। बाद में इन रेलवे क्राॅसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया, पर यही अंडरपास बारिश के दिनों में दुखदायी साबित हो रहा है। अंडरपास में बारिश का पानी भर जाने के बाद कारण लोग उसमें से निकल नहीं पा रहे हैं। उन्हें तीन किमी दूरी अधिक तय कर सफर करना पड़ रहा है।
–
अंडरपास में भरा पानी बना मुसीबत
बदायूं। परशुराम चौक (कलक्ट्रेट तिराहा) से मुख्य डाकघर, एसएसपी कार्यालय, नेकपुर, रानी लक्ष्मीबाई चौक (डीएम चौराहा), डीएम आवास, विकास भवन होते हुए यह रास्ता एमएफ हाईवे से जुड़ता है। इस रूट पर एसएसपी कार्यालय और नेकपुर के बीच में रेलवे क्राॅसिंग है। रेल विभाग ने इसे बंद कर दिया है, लेकिन बारिश होने पर यहां पर इस कदर जलभराव हो जाता है कि बाइक निकालना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पैदल और साइकिल सवारों को काफी दिक्कत होती है। ऐसे में लोगाें को मजूबरन रेलवे लाइन पार पड़ती है, या फिर लंबी दूरी तय कर ओवरब्रिज से निकलना पड़ता है।
–
तीन किमी का फेर बचाने को करनी पड़ रही लाइन पार
दबतोरी। लक्ष्मीपुरी से सेंटाखेड़ा होते हुए आसफपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इस पर सेंटाखेड़ा गांव के पास एक अंडरपास बना है। बारिश होने पर इसमें तीन से चार फुट तक पानी भर गया है, जिसकी वजह से बाइक तक उसमें से नहीं निकल पा रहीं हैं। ऐसे में लक्ष्मीपुर, संग्रामपुर, धनुपुरा, बिजौरी, सिरसवा गांव के लोग तीन किलोमीटर का फेर लेकर आसफपुर जाने वाले मार्ग पर पहुंच रहे हैं। रेलवे लाइन के पार बावेपुर, निजामपुर, सेंटा खेड़ा, परसिया के लोगाें का भी यही हाल है। उन्हें इस साइड में आने के लिए तीन किलोमीटर का फेर लगाना पड़ा रहा है। जो लोग पास के गांव जाना चाहते हैं वे दूरी बचाने के चक्कर में रेलवे लाइन पार करके जा रहे हैं।
–
मानसून आने से हर जगह बारिश हो रही है जिससे अंडरपास में पानी भर रहा है। पानी को पंपसेट लगवाकर निकलवाया जा रहा है।
-सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उत्तर रेलवे

शहर के अंडर पास में भरा पानी।

शहर के अंडर पास में भरा पानी।

शहर के अंडर पास में भरा पानी।