Budaun News: मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा में खूब उड़ा गुलाल

मां दुर्गा विसर्जन यात्रा में नृत्य करते श्रद्धालु। संवाद
बदायूं। बिरुआबाड़ी मंदिर से मंगलवार को मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा में शामिल भक्तों और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया। माता रानी के भजनों की धुनों पर भक्त थिरकते नजर आए। विसर्जन यात्रा पर लोगों ने पुष्प वर्षा की।
श्रीश्री मां दुर्गा पूजा महोत्सव युवा कमेटी के तत्वावधान में चल रहे दुर्गा पूजा महोत्सव में सुबह मां लक्ष्मी और विजयादशमी पूजन किया गया। महिलाओं ने माता को सिंदूर चढ़ाया। सिंदूर पूजा कर भवन में बने घाट में माता रानी का जल विसर्जन किया गया। इसके बाद भक्तों ने आरती कर मातारानी को विदाई दी।
बिरुआबाड़ी से विसर्जन यात्रा शुरू होकर पथिक चौक, टिकट गंज, हलवाई चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक होते हुए लालपुल तक गई। इसके बाद वाहनों के काफिले के साथ विसर्जन यात्रा उझानी से होकर कछला पहुंची। वहां गंगा में श्री गणेश, लक्ष्मी जी, श्री कार्तिकेय, मां सरस्वती और मां महिषासुर मर्दिनी की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस दौरान रवि झा, मुकेश, दीपक, आकाश, विशाल, विवेक, अनुज, शांतनु, अंकित आदि मौजूद रहे।

मां दुर्गा विसर्जन यात्रा में नृत्य करते श्रद्धालु। संवाद