Budaun News: बूम नहीं उठने से अढौली फाटक लगा जाम
रेलवे स्टेशन से सटे फाटक पर एंबुलेंस भी फंसी, छोटे वाहनों की लगी कतार
इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में खराबी रही वजह, आधे घंटे में की गई मरम्मत
उझानी। रेलवे स्टेशन के नजदीक अढौली फाटक पर लगे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से चलित बूम अचानक ही लॉक हो गया। गेटमैन ने इंजीनियर की मदद से करीब आधा घंटे बाद सिस्टम दुरुस्त करा लिया, लेकिन फाटक बंद रहने से दोनों और कारों समेत छोटे वाहनों की कतार लग गई।
अढौली फाटक पर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के जरिये फाटक बंद करने और खोलने की व्यवस्था की गई है। सिस्टम लगने के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे ट्रेन पास कराने के लिए फाटक बंद किया गया। ट्रेन निकल जाने के बाद गेटमैन ने उसे खोला तो बूम नहीं उठा। उस वक्त हालांकि सिस्टम इंजीनियर मौजूद थे, सो उन्होंने सिस्टम दुरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक पसोपेश के बीच फाटक पर एंबुलेंस भी आ गई। एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। इसके अलावा कारों समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इसी फाटक के रास्ते उझानी और कादरचौक के बीच टेंपो और छोटे सवारी वाहन निकलते हैं। करीब दो दर्जन गांव भी जुड़े हैं। इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम दुरुस्त होने के बाद बूम उठने पर आवाजाही शुरू हो पाई। स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि बूम में किसी तरह की खराबी नहीं आई थी। सिस्टम लगने के बाद रूटीन चेकिंग के दौरान ही कुछ दिक्कत आ गई थी। जहां भी इलेक्ट्रॉनिक चलित फाटक लगे हैं, उन्हें नियमित चेक भी किया जा रहा है।