Budaun News: एनसीसी कैडेट्स को पौधे भेंट कर रोपित करने की दिलाई शपथ

राजकीय महाविद्यालय के स्टाफ ने एसके इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स को पौधे भेंट किए।
राजकीय महाविद्यालय में वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में वन महोत्सव के तहत चल रहे पौधरोपण सप्ताह के दूसरे दिन एसके इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न प्रजातियों के पौधे भेंट किए गए। साथ ही उन पौधों को सुरक्षित स्थानों पर रोपित कर संरक्षित करने की शपथ दिलाई गई।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता, एसएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबिता यादव और पौधरोपण अभियान की संयोजक डॉ. सरिता यादव ने प्रत्येक कैडेट को पांच-पांच पौधे भेंट किए। साथ ही उन्हें पौधरोपण के बाद सेल्फी लेकर प्रेषित करने के लिए प्रेरित किया।
एनसीसी कैडेट्स की टोली को विदा करते हुए डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित राष्ट्रीय कैडेट्स कोर सावन के महीने में माता वसुंधरा का हरित शृंगार करने के लिए संकल्प लेकर निरंतर सक्रिय रहे। इससे पहले राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एसके इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स का तिलक लगाकर स्वागत किया।
एनसीसी कैडेट्स ने विश्वास दिलाया कि सभी पौधे वृक्ष का आकार लेकर पल्लवित पुष्पित होंगे। इस अवसर पर डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. हुकुम सिंह, डॉ. प्रेमचंद चौधरी, डॉ. संजय कुमार, डॉ. गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।