Budaun News: वृद्ध की मौत के बाद जमीन को लेकर विवाद, मारपीट

उघैती क्षेत्र के गांव अल्लीपुर चाचीपुर में घटना की जानकारी लेती पुलिस। संवाद
उघैती। थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर चाचीपुर में वृद्ध की मौत के बाद जमीन को लेकर परिवार में ही विवाद हो गया। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा है।
गांव निवासी 82 वर्षीय प्रेमराज बीमार थे। सोमवार दोपहर उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इस दौरान किसी ने उनके बड़े बेटे हरपाल की पत्नी को बताया कि प्रेमराज ने अपनी जमीन छोटे बेटे चंद्रपाल की पत्नी और उसके बेटे के नाम कर दी है। इस पर हरपाल की पत्नी ने घर में विवाद शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में चंद्रपाल और हरपाल की पत्नी के बीच मारपीट होने लगी। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए हरपाल के रिश्तेदार देवेंद्र निवासी बांस बरौलिया थाना बिल्सी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके सिर में ईंट मार दी गई। इससे वह घायल हो गया।
मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमराज का बड़ा बेटा हरपाल चंडीगढ़ में रहता है और छोटा बेटा चंद्रपाल गांव में ही रहता है। वह प्रेमराज की देखरेख कर रहा था और उसने ही इलाज कराया था। इसी वजह से प्रेमराज ने अपनी पांच बीघा जमीन चंद्रपाल की पत्नी और बेटे के नाम कर दी।
देर शाम तक हरपाल चंडीगढ़ से अपने घर नहीं पहुंचा था। इस वजह से शव की अंत्येष्टि भी नहीं हो पाई। एसओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि संपत्ति को लेकर परिवार के लोगों में विवाद हुआ है। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।