Budaun News: अहमद नगर बछौरा पर तेज हुआ कटान

अहमद नगर बछौरा में कटान देखते ग्रामीण। संवाद
बदायूं/ उसहैत। गंगा के घटते जलस्तर के बाद में कटान शुरू हो गया है। बुधवार को गंगा ने अहमद नगर बछौरा में तेजी से कटान करना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ऐसे में पेड़ों की टहनियों को काटकर गंगा में कटान करने वाली जगहों पर डाला गया।
जिले में पिछले तीन-चार दिनों से बहुत तेजी से गंगा का जलस्तर कम हो रहा था। ऐसे में ग्रामीणों को राहत थी कि गंगा ज्यादा कटान नहीं करेगी। बुधवार को फिर से गंगा जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। इसकी वजह से गंगा ने कटान तेज कर दिया। गंगा नदी का सबसे ज्यादा प्रकोप उसहैत के अहमद नगर बछौरा पर देखने को मिला।
गांव में अब तक खन्ने, शकील, कसीरन, कल्लू मेंहदी, फकरुद्दीन के घर पहले ही गंगा में समा चुके है, जबकि निहालुद्धीन, शब्बीर, अशफाक, असरुद्धीन, नूरहसन, सामिर, सादिक, सद्दाम के घरों से गंगा नदी महज दाे मीटर की दूरी पर बह रही है। सूचना मिलने पर बाढ़ खंड के अधिकारी मौके पर पहुंचकर कटान को रोकने के प्रयास में लग गए।
जेई राधेश्याम ने बताया कि कटान रोकने के लिए जो प्रभावी कदम है, वह उठाए जा रहे हैं। इधर, एसडीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ खंड अपना कार्य कर रहा है, कटान तेजी से चल रहा है।

अहमद नगर बछौरा में कटान देखते ग्रामीण। संवाद