Budaun News: खातों में जमा नहीं खाद बिक्री की रकम
गबन की आशंका में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने बिठाई जांच
02 ट्रक खाद भेजी गई थी वजीरगंज ब्लॉक की एक साधन सहकारी समिति को
04 महीने बाद भी बिक्री की राशि जमा नहीं की समिति के सचिव ने बैंक में
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। दो ट्रक खाद मिलने के चार महीने बाद भी बैंक खाते में बिक्री की रकम जमा नहीं की। गबन की आशंका के चलते सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने साधन सहकारी समिति के सचिव के खिलाफ जांच बैठा दी है।
मामला वजीरगंज ब्लॉक के गांव ब्यॉली की साधन सहकारी समिति का है। मार्च में इस समिति को दो ट्रक खाद भेजी गई थी। चर्चा है कि समिति इस समय एक भी कट्टा खाद नहीं है। लेकिन, दो ट्रक खाद वितरण से मिला पैसा अभी तक समिति के बैंक खाते में जमा नहीं किया गया है।यह जानकारी अफसरों को उस समय मिली जब क्षेत्र में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समितियों में स्टाक चेक कराया गया। चर्चा है कि समिति में फिलहाल खाद नहीं है। अगर खाद किसानों को बेच दी गई तो सचिव विनीत यादव को इसकी राशि बैंक में जमा करनी चाहिए थी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। जब मामला अधिकारियों की संज्ञान में आया, तो धनराशि गबन की आशंका के चलते सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने इस मामले में जांच बैठा दी है। जांच का जिम्मा अपर जिला सहकारी अधिकारी सुरेश बाबू सागर को दिया गया है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अब कार्रवाई की जाएगी।
समितियों की जांच के दौरान पता चला कि सचिव ने चार महीने पहले मार्च में खाद ली गई थी, लेकिन अभी तक धनराशि जमा नहीं की गई है। ऐसे में सचिव के खिलाफ जांच बैठा दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -महेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक