Budaun News: करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या से क्षत्रिय समाज में गुस्सा

उझानी में स्थित क्षत्रिय धर्मशाला में प्रदर्शन करते क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी
उझानी। क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन किया। महासभा के पदाधिकारियों ने सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। कहा, गोगामेड़ी की हत्या बड़ी साजिश का हिस्सा है।
महाराणा प्रताप क्षत्रिय धर्मशाला परिसर में महासभा के जिला उपाध्यक्ष अमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने राजस्थान के जयपुर में हुई गोगामेड़ी की हत्या में लिप्त सभी हत्यारों और षडयंत्रकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की। कहा, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार, ओमप्रकाश सिंह, जेपी सिंह सोलंकी, योगेश प्रताप सिंह, जयपाल सिंह, राजू सिंह, योगेश सिंह आदि शामिल थे।