बदायूं

Budaun News: जिले में 10.96 लाख लोगों के बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड

Connect News 24

विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे शिविर, 350 कर्मचारी कर रहे कार्ड बनाने का काम

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू किया गया है। 10 जनवरी तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान पात्र गृहस्थी राशनकार्ड पात्रता सूची में छह से अधिक सदस्यों वाले लाभार्थी परिवारों के कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिले में 10.96 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, जिसमें 6.42 लाख कार्ड बनाने का काम पूरा भी हो चुका है।

प्रभारी सीएमओ डॉ. अब्दुल सलाम ने बताया कि इस योजना में ऐसे परिवारों को भी शामिल किया गया है, जिनमें केवल वरिष्ठ नागरिक ही सदस्य हैं। ऐसे नए सदस्यों का कार्ड बनाने पर अधिक जोर है। जिला समन्वयक नितिन मान वर्मा के अनुसार, जिले में 350 कर्मचारी कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं।

इनमें छह से अधिक यूनिट वाले पात्र गृहस्थी वाले और वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल चार लाख लाभार्थी हैं। इनमें से करीब 1.80 लाख लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का काम तेजी से चल रहा है। जिले के सभी निकायों में 50 स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैंं।

यह शिविर जिला चिकित्सालय सहित सभी शहरी पीएचसी, कोटे की दुकानों, सीएचसी और नगर के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे हैं। जिले के 1.53 लाख लोगों ने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में उपचार का लाभ भी लिया है।

दस हजार से अधिक फर्जी आयुष्मान कार्ड

समन्वयक के अनुसार, हर रोज चार से छह ऐसे लोग कार्यालय आते है जिनके कार्ड फर्जी निकल रहे हैं। जनसेवा केंद्रों से लेकर रुपये ठगकर लोग फर्जी कार्ड बनाने का धंधा करते आ रहे हैं। करीब एक-डेढ़ साल पहले एक कर्मचारी की आईडी से भी फर्जी कार्ड बनाने का मामला सामने आया था। जिले में दस हजार से अधिक फर्जी आयुष्मान कार्ड हैं।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के जिन पात्र लाभार्थियों ने अब तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वे शीघ्र ही अपना कार्ड बनवा लें ताकि किसी विशेष परिस्थिति में इसका उपयोग किया जा सके।

-डॉ. अखिलेश, डिप्टी सीएमओ / नोडल अफसर आयुष्मान भारत


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button