Budaun News: सिविल लाइंस क्षेत्र के सभी मार्गों पर की गई बेरीकेडिंग
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 08 May 2023 01:40 AM IST

07बीडीएन22-लोगों को रोकने के लिऐ की गई बेरिकेडिंग। संवाद
बदायूं। भाजपा प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय हुआ तो पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गया। सिविल लाइंस इलाके में कर्फ्यू जैसा माहौल बना दिया गया। चप्पे-चप्पे पर बेरीकेडिंग की गई तो पुलिस लाइन से लेकर जनसभा स्थल तक का इलाका सील कर दिया गया। वीआईपी और वीवीआईपी को ही उस इलाके में प्रवेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से रूट डायवर्जन चार्ट तैयार किया गया। शनिवार की देर रात से ही सिविल लाइंस इलाके में प्रमुख मार्गों पर बेरीकेडिंग कर दी गई। रविवार को सुबह से ही पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई। सिविल लाइंस एरिया में किसी को रोड पर जाने नहीं दिया गया। लावेला चौक से कचहरी की ओर किसी वाहन को नहीं जाने दिया। शिवपुरम को जाने वाली गली से दो पहिया और चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया।
इधर, डीएम रोड से नेकपुर क्राॅसिंग के पास ही सभी को रोका गया तो पुलिस लाइन से इस्लामिया इंटर कॉलेज की ओर किसी को नहीं जाने दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को भी पैदल जाने की अनुमति सिर्फ लालपुल की ओर से थी। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जब यहां उतरा तो सुरक्षा को और बढ़ा दिया गया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद ही आवागमन शुरू हो सका।



