Budaun News: भोले के भक्तों में कुछ अलग दिखने की चाह

डीजे पर शिव के भजनों पर झूमते भोले के भक्त।
कांवड़ों की साज-सज्जा, डीजे पर कर रहे एक लाख से भी ज्यादा का खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट से कांवड़ लेकर शिव मंदिरों की रवाना होने वाले शिवभक्त कुछ अलग दिखने की चाह में खर्चा करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा बृहस्पतिवार को नजर आया। बरेली के अलीगंज क्षेत्र के शिवभक्तों की टोली ने भोले की ड्रेस, कांवड़ सजाने से लेकर डीजे साउंड सिस्टम पर करीब एक लाख रुपये खर्च किए थे। कोशिश थी कि अन्य टोलियों से कुछ अलग दिखा जाए।
बरेली के अलीगंज के गांव बछेरा निवासी कांवड़ियों की 50 सदस्यीय टोली बुधवार रात कछला गंगाघाट पर पहुंची। बृहस्पतिवार तड़के आस्था की डुबकी लगाने के बाद पहले कांवड़ पूजन किया, फिर बरेली-मथुरा हाईवे के रास्ते महादेव के जयकारे लगाते हुए निकल पड़ी।
टोली के साथ एक ट्रैक्टर से जुड़ीं दो ट्रॉलियों पर डीजे साउंड सिस्टम के अलावा रसोई का सामान भी था। शिवभक्तों में सौरभ ने बताया कि 40 हजार रुपये में डीजे किराये पर लिया। जनरेटर और उसमें डीजल, कांवड़ियों की ड्रेस के साथ खानपान पर करीब एक लाख रुपये खर्चा होने का अनुमान है।
पीलीभीत की टोली का नेतृत्व कर रहे महावीर किशोर ने बताया कि आस्था के आगे कोई भी भक्त खर्चे पर गौर नहीं करता। उनके साथ बुधवार शाम रवाना पैदल टोली करीब 30 हजार रुपये खर्च कर चुकी है।
–
कई स्थानों पर होगा कांवड़ियों का सेवा-सत्कार
कांवड़ियों के सेवा-सत्कार करने वाले श्रद्धालुओं की भी कमी नहीं है। इस बार जलाभिषेक के दूसरे पड़ाव से एक दिन पहले रविवार को बरेली-मथुरा हाईवे किनारे कछला से जजपुरा मंदिर तक एक दर्जन स्थानों पर भंडारा करने को अनुमति मांगी गई है। अनुमति तहसील प्रशासन देगा। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि भंडारे हाईवे से निर्धारित दूरी पर होंगे, ताकि का़ंवड़ियों को आवागमन में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।
–
कांवड़ियों में नोकझोंक
बदायूं रोड पर बाइक सवार शिवभक्तों में डीजे पर अपनी पसंद का भजन बजवाने को लेकर नोकझोंक हो गई। यह देख किसी राहगीर ने कोतवाली फोन करके पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिसकर्मियों को आता देख कांवड़िये अपनी बाइकें बदायूं की ओर दौड़ा ले गए। बाद में दरोगा राहुल पुंडीर समेत पुलिसकर्मी कोतवाली लौट गए।

डीजे पर शिव के भजनों पर झूमते भोले के भक्त।

डीजे पर शिव के भजनों पर झूमते भोले के भक्त।