Budaun News: घोड़ा-बुग्गी से टकराई बाइक, देवर की मौत, भाभी घायल

मृतक राशिद का फाइल फोटो।
म्याऊं (बदायूं)। उसावां थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक घोड़ा-बुग्गी से बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार 20 वर्षीय राशिद की मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया है। देवर-भाभी म्याऊं की साप्ताहिक बाजार से साग-सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव रिठिया निवासी राशिद सोमवार दोपहर अपनी भाभी गुड्डी पत्नी पप्पू के साथ बाइक पर सब्जी खरीदने म्याऊं की साप्ताहिक बाजार आया था। बताते हैं कि उन्होंने बाजार में खरीदारी की। शाम करीब चार बजे दोनों लोग घर लौट रहे थे। इस दौरान राशिद हेलमेट नहीं लगाए था। उसकी बाइक उसावां थाना क्षेत्र में म्यारी गांव के नजदीक पहुंची थी।
तभी उसकी बाइक सामने से आ रही घोड़ा-बुग्गी से टकरा गई। इस हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें म्याऊं के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां डॉक्टर ने राशिद को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुड्डी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घोड़ा-बुग्गी मालिक मौके से भाग गया। पुलिस ने युवक का शव मोर्चरी में रखवा दिया है।
बिसौली में पलटी ईंटों से लदी
ट्रैक्टर-ट्रॉली, मजदूर की मौत
आंवला से ईंटें लादकर लक्ष्मीपुर आ रहा था ट्रैक्टर ट्रॉली
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में करखेड़ी और रेवती गांव के बीच ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें दबकर 52 वर्षीय मजदूर वीरपाल की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर निवासी राधेश्याम रविवार शाम आंवला क्षेत्र के रेवती से अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भरकर ला रहे थे। उनका ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र चला रहा था, जबकि मजदूर वीरपाल, अतराज सिंह और बबलू ट्रॉली पर बैठे थे। बताते हैं कि उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली करखेड़ी और रेवती गांव के बीच पहुंची थी। तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे दबकर तीनों मजदूर घायल हो गए। उन्हें रात जिला अस्पताल भेज दिया गया था, जहां मजदूर वीरपाल की मौत हो गई। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
मुजरिया। मुजरिया-बिल्सी रोड पर फतुल्लाहगंज पुल के नजदीक कार की टक्कर से एक बाइक सवार घायल हो गया। बाइक सवार नरेश पाल सिंह बिल्सी की ओर जा रहे थे। तभी कार ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। संवाद

मृतक राशिद का फाइल फोटो।