Budaun News: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत

टना स्थल पर मौजूद लोग। संवाद
म्याऊं। उसावां थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई। मौका पाकर ट्रैक्टर चालक भाग गया।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव चौड़ेरा निवासी 20 वर्षीय फूल सिंह पुत्र महावीर किसी काम से जिला शाहजहांपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में गया था। बृहस्पतिवार को वह बाइक से घर लौट रहा था। उसावां थाना क्षेत्र के गांव अहमदगंज के पास पीछे की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रॉली भी पलट गई।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान ट्रैक्टर चालक भाग गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि जरूरी कार्य के चलते वह शाहजहांपुर जिले के गांव गढि़या रंगीन स्थित रिश्तेदारी में गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद मृतक के परिजन से तहरीर मांगी है।