Budaun News: बगैर लाइन खींचे नलकूप का बना दिया एक लाख का बिल, आरसी काटी
बदायूं। सदर तहसील में आयोजित मुख्य समाधान दिवस में शनिवार को तमाम शिकायतें आईं। एक किसान ने शिकायत की उसके ट्यूबवेल की लाइन खींचे बिना पावर कॉरपोरेशन की ओर से एक लाख रुपये का बिल भेज दिया गया। जब उसने बिल जमा नहीं किया तो उसकी आरसी काट दी गई। यह शिकायत सुनकर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को बुलाया गया। उन्होंने समाधान निकाला किसान दूसरा कनेक्शन कराए तो यह बिल माफ कर दिया जाएगा या अपने कनेक्शन का सामान ले जाए।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीडीओ केशव कुमार समेत कई अधिकारियों ने जन शिकायतें सुनीं। गिरधरपुर के किसान पुष्पेंद्र सिंह ने शिकायत की उन्होंने वर्ष 2016 में अपने ट्यूबवेल का कनेक्शन कराया था लेकिन पावर कॉरपोरेशन की ओर से कोई सामान नहीं दिया गया। उसके ट्यूबवेल की लाइन ही नहीं खींची। उन्होंने कई बार कार्यालय आकर उसकी मांग की लेकिन उन्हें सामान नहीं दिया गया। तब से उनका ट्यूबवेल बंद पड़ा है। इसके बावजूद एक लाख रुपये का बिल भेज दिया। बाद में आरसी काट दी।
गांव बिजौरी निवासी सेवानिवृत्त फौजी नत्थूलाल दिवाकर ने बताया कि उनके गांव में स्थित तालाब को पाट दिया गया है। बरसात से उनके घरों में पानी भर जाता है। परिवार वाले छत पर खाना बनाते हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनकी शिकायत पर सीडीओ ने आश्वासन दिया कि दो-एक दिन में उनकी समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
इस दौरान राजस्व विभाग की 70, चकबंदी की 10, विद्युत विभाग 13, पुलिस 06, समाज कल्याण विभाग 05, विकास विभाग 06, जिला पूर्ति कार्यालय एक, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय एक, नगर निकाय तीन समेत 115 शिकायतें आईं। आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, एडीएम प्रशासन वीके सिंह, एसडीएम सदर एसपी वर्मा, तहसीलदार करनवीर सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
(17बीडीएन-103) बिल्सी में आईं 33 शिकायतें
बिल्सी। तीसरे शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम महिपाल सिंह ने शिकायतें सुनीं। उनमें तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। सिद्धपुर चित्रसेन के किसान मंगलीराम ने बताया कि वह खेत की पैमाइश कराने को एक साल से भटक रहा है। लेखपाल ने बीस हजार रुपये भी ले लिए लेकिन पैमाइश नहीं कराई। इस दौरान सीओ चंद्रपाल सिंह, तहसीलदार रविंद्र प्रताप सिंह, एनटी अरुण कुमार, मोहित कुमार, एसडीओ केके गंगवार, जेई दिनेश कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक भदेश्वर आनंद, एमओआईसी डॉ.अरविंद वर्मा, एसएचओ इस्लामनगर हरेंद्र सिंह, अवधेश कुमार, संजय कुमार गौढ़, एडीओ लोकमन सिंह, वेदव्यास शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद