Budaun News: संविधान बचाने के लिए केंद्र से उखाड़ फेंकनी होगी भाजपा सरकार

बिल्सी में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव। संवाद
बिल्सी। गांव दीननगर शेखपुर में दलित समाज और समाजवादी पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में संविधान बचाओ सम्मेलन आयोजित किया गया। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि देश का संविधान बचाने के लिए दलित और पिछड़ा वर्ग के लोगों को एकजुट होकर केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। कहा कि अगर संविधान को बचाना है तो सभी लोगों को एकजुट होकर इंडिया गठबंधन के लिए 2024 में मतदान करना होगा।
उन्होंने कहा कि यदि देश का संविधान नहीं बचेगा तो दलित और पिछड़ी जाति के लोगों का हक खत्म हो जाएगा। इसलिए सभी लोगों को एकजुट होने का समय आ गया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य द्वारा बिल्सी में हवाई अड्डा बनवाने की बात पर कहा कि लंबे समय से बिल्सी में चल रहे रोडवेज बस अड्डे की मांग को प्रदेश की भाजपा सरकार अब तक पूरा नहीं कर सकी है। अब बिल्सी में हवाई अड्डा बनाने की बात करके क्षेत्र की जनता के साथ मजाक जरूर किया जा रहा है।
कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो बदायूं जिले को अलग पहचान दी जाएगी। इस मौके पर संतोष जाटव, विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व विधायक आशीष यादव, मोरपाल सिंह, हाजी अजमल खां, कवींद्र सक्सेना, अमित मथुरिया, किशोरी लाल शाक्य, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।



