Budaun News: बरेली में मौसी के घर मिले दोनों जुड़वां भाई, पुलिस बदायूं ले आई
– पांच अगस्त को साइकिल लेकर निकले थे दोनों, पिता ने दर्ज कराई अपहरण की एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर के सिविल लाइंस इलाके से लापता दोनों जुड़वां भाई बरेली में अपनी मौसी के घर छिपे निकले थे। इसकी सूचना पर बरेली पहुंची सिविल लाइंस पुलिस उन्हें बदायूं ले आई। बताया जा रहा है कि उनके बरेली में छिपे होने की परिवार वालों को जानकारी थी, लेकिन उनके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उनकी मौसी तक थाने आई थी। उसने ही सबसे ज्यादा हंगामा किया था, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। अब दुकानदार ने ही उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दोनों जुड़वां भाई पांच अगस्त को लापता हो गए थे। अगले दिन उनके पिता ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर उनके अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। छह अगस्त को ही बाबा कॉलोनी निवासी दुकानदार वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी। उनका कहना था कि दोनों भाई चार अगस्त की रात करीब आठ बजे उनकी दुकान पर आए थे। उन्होंने कुछ सामान खरीदा था। जैसे ही वह दुकान के अंदर सामान लाने बढ़े तो एक भाई ने उनके काउंटर में हाथ डालकर रुपये चोरी कर लिए।
उसने काउंटर से दो बार चोरी की। जब इस बारे में उन्होंने दोनों भाइयों के पिता से शिकायत की तो उन्होंने उसकी भरपाई करने को कहा, लेकिन बाद में वह पलट गए और उनके खिलाफ ही कार्रवाई कराने की धमकी दे डाली। दोनों भाइयों का पिता बिल्सी एसडीएम के यहां फॉलोअर है। आरोप है कि उसने एसडीएम का नाम लेकर भी उन्हें धमकी दी।
पांच जुलाई को उसने दोनों बेटों को उनकी मौसी के घर बरेली के संजयनगर भेज दिया। इधर, सिविल लाइंस थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज करा दी। हालांकि उसने अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन अपने बयानों में वह दुकानदार और उनके बेटे का नाम लेता रहा। सिविल लाइंस पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही थी।
पुलिस ने दोनों लड़कों की तलाश शुरू कर दी गई। मंगलवार रात उनका पता चल गया कि संजयनगर में दोनों भाइयों की मौसी है। वहां उनके घर में साइकिल लेकर घुसने का एक वीडियो भी सामने आया है। इसकी सूचना पर बरेली पहुंची पुलिस दोनों भाइयों ले आई।
बुधवार शाम वीरेंद्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर यह पूरा षड्यंत्र रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइंस प्रभारी इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि दोनों भाई अपनी मौसी के घर पर थे। वह बदायूं आ गए हैं। इसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।