Budaun News: पुलिया के नीचे तालाब में गिरी कार, बाल-बाल बचे छह लोग

उझानी में मानकपुर पुलिया के नीचे तालाब में गिरी कार को निकालती क्रेन।
सोमवार तड़के घने कोहरे में चालक खो बैठा कार पर नियंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। घने कोहरे में सोमवार तड़के पांच बजे इको कार पुलिया से टकरा कर नीचे तालाब में जा गिरी। कार में फंसे लोगों की आवाज सुनकर जुटे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। कार में सवार सभी छह लोगों में किसी के चोट नहीं आई है।
हादसा मानकपुर पुलिया के पास हुआ। वजीरगंज निवासी फखरे आलम अपने पड़ोस के लोगों को पानीपत (हरियाणा) पहुंचाने के लिए तड़के करीब चार बजे निकला। वरामयखेड़ा और रौली गांव के रास्ते होकर मानकपुर पुलिया के पास पहुंचा ही था कि घने कोहरे की वजह से कार पुलिया से टकरा गई।
चालक ब्रेक लगाता, इससे पहले ही कार पुलिया के नीचे कम गहरे तालाब में गिर गई। कार में करीब छह लोग सवार थे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे मानकपुर निवासी ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने तालाब के पानी से सराबोर सभी लोगों को अलाव जलाकर राहत दी। हादसे के बाद चालक फखरे आलम ने फोन करके क्रेन मंगा ली। करीब सात बजे क्रेन के जरिये कार बाहर निकाल ली गई।
चश्मदीदों में इरफान ने बताया कि ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो सवारियों की जान पर बन आती। वह तो गनीमत रही जो किसी को खरोंच तक नहीं आई। बाद में चालक ने सवारियों को दूसरे वाहन के जरिये पानीपत भेजने की व्यवस्था की।