Budaun News: सात स्कूल वाहनों का चालान, तीन सीज
बदायूं। मंगलवार को एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीष कुमार और यात्रीकर अधिकारी रमेशचंद्र प्रजापति ने स्कूल वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सात स्कूल वाहनों का चालान किया। तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
सुबह आठ बजे से शुरू हुए अभियान के दौरान बरेली और बदायूं का प्रवर्तन दल भी मौजूद रहा। इस दौरान बिना कागजात स्कूली बच्चों को ले जाते दो वैन पकड़ी गईं। इनमें से एक वैन को सीज कर दिया गया, जबकि दूसरी का चालान किया गया। इसके अलावा एक ई-रिक्शा पकड़ा गया, उसे भी सीज कर दिया गया है।
चेकिंग के दौरान सात स्कूल बसें पकड़ी गईं जो मानक के विपरीत बच्चों को ढो रहीं थीं। इनमें से छह बसों का चालान कर दिया गया, जबकि एक बस सीज कर दी गई। एआरटीओ अंबरीष कुमार ने बताया कि अभियान लगातार जारी है। मानक के विपरीत चलाए जा रहे स्कूल वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। संवाद