Budaun News: एसडीएम के निलंबित होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट जांच टीम के अध्यक्ष नामित

टेंपो को चैक करते एआटीओ अंबरीष कुमार। संवाद
बदायूं। सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए गठित कमेटी के अध्यक्ष प्रभारी डीआरओ/एसडीएम न्यायिक विनीत कुमार के निलंबन के बाद डीएम मनोज कुमार ने उनकी जगह सिटी मजिस्ट्रेट को अध्यक्ष नामित किया है। अब आगे की जांच सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल पूरी कराएंगे। आदेश जारी होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने कमेटी के सदस्यों से फीडबैक मांगा है।
डीएम मनोज कुमार ने हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। इसमें प्रभारी जिला राजस्व अधिकारी/न्यायिक एसडीएम विनीत कुमार को अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन मनीष कुमार और डीआईओएस प्रवेश कुमार को सदस्य नामित किया गया था। हादसा 30 अक्तूबर की सुबह हुआ था। इसमें एसआरपीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल की वैन में सवार चार बच्चों और वैन चालक की मौत हो गई थी।
कमेटी ने हादसे के अगले दिन घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की थी, लेकिन जांच पूरी हो पाती उससे पहले ही शासन ने कमेटी के अध्यक्ष एसडीएम विनीत कुमार को राज्यपाल के नाम समन भेजने के मामले में निलंबित कर दिया। इस पर उन्हें हादसे की जांच कमेटी से भी हटा दिया गया। बृहस्पतिवार को डीएम मनोज कुमार ने उनके स्थान पर सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल को जांच कमेटी का अध्यक्ष नामित कर दिया। डीएम ने बताया कि अब हादसे की जांच सिटी मजिस्ट्रेट ही पूरी कराएंगे।
सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम भी करेगी जांच
बदायूं। हादसे की जांच सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम भी करेगी। जांच के बाद टीम शासन को रिपोर्ट के साथ सुझाव भी भेजेगी। बताया जा रहा है कि टीम लखनऊ से सीधे घटनास्थल पहुंचेगी। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा में सेव लाइफ फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान है। अक्सर बड़े हादसों में मौके पर पहुंचकर इसकी टीम जांच करती है। बताया जा रहा है कि सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत के मामले की जांच करने भी पहुंच रही है। टीम हादसे के सभी बिंदुओं पर जांच करेेगी। एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीष कुमार ने बताया कि टीम एक-दो दिन में आकर जांच शुरू करेगी। संवाद
स्कूली बच्चोंं को ढो रहे पांच प्राइवेट वाहन पकड़े, तीन सीज
बदायूं। एआरटीओ अंबरीष कुमार ने बुधवार से बृहस्पतिवार शाम तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों को ढो रहे पांच प्राइवेट वाहन पकड़े। चेकिंग के दौरान दो स्कूल वाहनों के पास फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिला। दो वाहनों का परमिट नहीं था। एक वाहन का बीमा भी नहीं था। इसके अलावा एक वैगन आर कार, इको और ऑटो समेत पांच प्राइवेट वाहन बच्चों को ले जाते पकड़े गए। एआरटीओ ने ऑटो, इको और वैगन-आर कार को सीज कर दिया है। अन्य आठ वाहनों का चालान किया गया है।