Budaun News: गर्डर गिरने से कोबरा घायल, उपचार के लिए दिल्ली भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 09 Oct 2023 12:58 AM IST

दिल्ली में वाइल्ड लाइफ एसओएस को कोबरा सौंपते पशु प्रेमी। स्रोत दुकानदार
बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम सिलहरी में स्थित दुकान में गर्डर गिरने से कोबरा सांप घायल हो गया। मेनका गांधी के हस्तक्षेप के बाद कोबरा को इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया। वहां एक्स-रे के बाद उसका उपचार होगा। स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
दुकानदार आदर्श राठौर के मुताबिक वह शनिवार को अपनी दुकान में साफ-सफाई कर रहे थे। उन्होंने एक-एक कर सभी गर्डर हटा लिए थे लेकिन एक गर्डर में छिपे बैठे कोबरा सांप ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह तो बच गए लेकिन डर की वजह से उनके हाथ से गर्डर छूटकर कोबरा पर गिर गया। दुकानदार ने तुरंत पशु मित्र विकेंद्र शर्मा को सूचना दी, जिस पर विकेंद्र वहां पहुंच गए। पशु मित्र ने भाजपा सांसद मेनका गांधी को ईमेल से घायल कोबरा के संबंध में सूचना दी, जिस पर सांसद ने तुरंत सांप को दिल्ली ले जाने के लिए कहा। फिर पशु मित्र ने करीब पांच हजार रुपये पर किराये का वाहन करके अपने दो साथियों प्रमोद कुमार राठौर और दीपेश दिवाकर को वाइल्ड लाइफ एसओएस दिल्ली भेजा। वहां कोबरा को भर्ती कर लिया गया है। अब उसका उपचार कराया जाएगा। पशु मित्र विकेंद्र शर्मा ने बताया कि देश में कई जगह ऐसे पशु पक्षियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।