Budaun News: शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, धूप ने दी राहत


सोमवार को सुबह छाया कोहरा। संवाद
बदायूं। नए साल के पहले दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई, लेकिन 10 बजे धूप निकलने के बाद लोग राहत में आ गए। जिसको जहां मौका मिला, वह वहां धूप का आनंद लेता दिखाई दिया। हालांकि सर्द हवा शीतलहर का एहसास कराती रही। शाम होते-होते गलन एक बार फिर बढ़ गई। आने वाले दिनों में कभी धूप तो कभी कोहरा रहने का अनुमान है लेकिन सर्दी में कोई कमी नहीं आएगी।
रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री तथा न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा था जबकि सोमवार को इसमें और कमी देखी गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 20.3 तथा न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही कोहरा था लेकिन नौ बजे के बाद आसमान में चमक देखकर लोग धूप निकलने का अनुमान जताने लगे।
उनका यह अनुमान सही साबित हुआ और सुबह करीब 10 बजे धूप निकल आई। इससे काफी राहत मिली तो लोग घरों के बाहर और छतों पर धूप सेंकने बैठ गए। हालांकि धूप से राहत तो थी लेकिन सर्द हवा से गलन रही। शाम होते-होते शीतलहर फिर कंपकपी छुड़ाने लगी और लोग जल्दी घरों में घुस गए।
अब इस सप्ताह मिला जुला मौसम रहने के आसार जताए जा रहे हैं। सुबह के समय हालांकि कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकल सकती है। सप्ताह के अंत में चटख धूप निकलने के भी आसार है लेकिन ठंड का सितम कम नहीं होगा। ठंडी हवा गलन बढ़ाने का काम करेगी।

सोमवार को सुबह छाया कोहरा। संवाद