Budaun News: जिला अस्पताल के वन स्टाॅप सेंटर का निर्माण कार्य अटका

जिला अस्पताल में बना वन स्टॉप सेंटर। संवाद
नहीं आई द्वितीय किस्त, राशि आने पर शुरू होगा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला अस्पताल में बन रहे वन स्टॉप सेंटर का निर्माण कार्य रुक गया है। बताया जा रहा है कि द्वितीय किस्त नहीं आई है, जिससे निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। किस्त के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी ने शासन को पत्र भेजा है।
इस समय वन स्टॉप सेंटर महिला अस्पताल की बिल्डिंग में चल रहा है। कुछ समय पहले वन स्टॉप सेंटर काफी चर्चाओं में रहा। यहां से लगातार कुछ लड़कियां निकलकर जाने में कामयाब रहीं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे। इससे विभागीय अधिकारियों द्वारा नई बिल्डिंग का निर्माण कराने का निर्णय किया गया।
इसके तहत ही जिला अस्पताल में बिल्डिंग का निर्माण शुरू कराया गया। बताते हैं कि पूरी बिल्डिंग बनाने के लिए 48 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। अब तक करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है लेकिन उसमें फर्श बनाने से लेकर रंगाई-पुताई का कार्य नहीं हुआ है।
–
वन स्टॉप सेंटर का निर्माण कार्य अभी रुका हुआ है। दूसरी किस्त का इंतजार है। इसके लिए शासन को रिमाइंडर भेजा गया है। धनराशि आने के बाद शेष कार्य पूरा करा दिया जाएगा। तभी महिला अस्पताल से यहां वन स्टॉप सेंटर शिफ्ट होगा।
– अभय कुमार, जिला प्राेबेशन अधिकारी