बदायूं

Budaun News: मेडिकल कॉलेज के दोनों कर्मियों की संविदा समाप्त

Connect News 24

Contracts of both medical college employees terminated

राजकीय मेडिकल कॉलेज का ब्लड बैंक। संवाद

खून के बदले रुपये मांगने वाले मेडिकल कॉलेज के दोनों कर्मियों की संविदा समाप्त

पांच हजार में खून का सौदा : कर्मचारियों ने एक-एक हजार रुपये लेकर बुलाए थे पेशेवर रक्तदाता

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। मेडिकल कॉलेज में पांच हजार रुपये लेकर खून उपलब्ध कराने के मामले में प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति ने गार्ड व वार्ड बॉय की संविदा समाप्त कर दी है। उनके साथ ही खून देने पहुंचे दो लोगों और खरीदार के खिलाफ भी थाना पुलिस को तहरीर भी दी है। पुलिस प्राचार्य से बात करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

कासगंज निवासी एक व्यक्ति ने मंगलवार को 19 वर्षीय पत्नी को बदायूं के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शुक्रवार को उसकी पत्नी को खून की जरूरत पड़ी तो वह ब्लड बैंक गया। वहां पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार भार्गव ने उससे डोनर लाने के लिए कहा। उक्त व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों व परिवार वालों को इस बारे में बताया लेकिन सभी ने शनिवार को आने की बात कहकर टाल दिया।

इस दौरान उसकी मुलाकात गार्ड भूप सिंह से हुई। गार्ड ने उसे वार्ड बॉय सुमित शर्मा से मिलवाया। दोनों पांच हजार रुपये के बदले दो लोगों को खून देने के लिए बुलाने की बात कही। साथ ही अपने लिए भी एक-एक हजार रुपये मांगे। सौदा तय होने पर गार्ड भूप सिंह ने फोन कर शहर के ही पप्पू व सट़्टू को बुला लिया। दोनों में से एक को खून देना था। दूसरे को विकल्प के तौर पर बुलाया गया था ताकि किसी कारणवश यदि एक का खून न मिल पाए तो उसका खून लिया जा सके। उन्होंने पांच हजार रुपये पेशेवर खून देने वालों को दिए और एक-एक हजार खुद रख लिए।

दोनों ने रक्तदाताओं को तीमारदार का जानकार बताते हुए पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार भार्गव को भी गुमराह करने की कोशिश की लेकिन शक होने पर डॉ. भार्गव ने उनसे पूछताछ शुरू की तो मामला खुल गया। प्राचार्य ने पेशेवर रक्तदाताओं, खून खरीदने वाले युवक व दोनों कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया। इधर, शुक्रवार को प्राचार्य ने गार्ड भूपसिंह व वार्ड बॉय सुमित शर्मा की संविदा समाप्त कर दी।

इस मामले में थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि सभी आरोपी हिरासत में हैं। पूछताछ की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से बात करने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

गार्ड भूप सिंह व वार्ड बॉय सुमित इस मामले में दोषी पाए गए हैं। दोनों की संविदा समाप्त कर दी गई हैं। पुलिस को तहरीर दी गई है। पांच लोगों को पुलिस को सौंपा गया है। अब आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी।- डॉ. एनसी प्रजापति, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button