Budaun News: 15 हजार का इनामी बदमाश दबोचा

थाना जरीफनगर में पुलिस हिरासत मे आरोपी बदमाश।स्रोत-पुलिस
बदायूं। जरीफनगर पुलिस और लखनऊ एसटीएफ ने शुक्रवार सुबह मालपुर तिराहे से 15 हजार के इनामी बदमाश सैफ अली उर्फ असलम उर्फ सैफिया को गिरफ्तार कर लिया। वह सितंबर से फरार चल रहा था।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जरैठा निवासी राधा पत्नी सत्यपाल के घर से 18 सितंबर 2023 की रात बदमाश नकदी व सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए थे। परिवार वालों से उन्होंने मारपीट भी की थी। इस संबंध में राधा ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
छानबीन के दौरान बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के कस्बा प्यास निवासी ताज मोहम्मद उर्फ अनवार शाह, उसके बेटे आस मोहम्मद, दिलशाद, सैफ अली, वाहिद, पीलीभीत के जहानाबाद निवासी फारुख उर्फ फर्रू और शाहजहांपुर के गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र के गांव धभौरा उर्फ डभौरा निवासी तसलीम उर्फ इमरान उर्फ भिखारी के नाम प्रकाश में आए थे।
24 सितंबर को पुलिस ने ताज मोहम्मद, आस मोहम्मद, दिलशाद, फारुख और वाहिद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। थाना पुलिस ने तसलीम उर्फ इमरान उर्फ भिखारी और सैफ अली पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 22 नवंबर को तसलीम बरेली में पकड़ा गया था।
इसी क्रम में आज सैफ अली के पीछे लखनऊ एसटीएफ भी लगी थी। सुबह लखनऊ एसटीएफ के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार तिवारी और जरीफनगर इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने टीम के साथ घेराबंदी करते हुए मालपुर तिराहे के नजदीक से सैफ अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट के 7400 रुपये और सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।