Budaun News: बिसौली की महिला और उसके प्रेमी के शव अयोध्या में मिले
बिसौली (बदायूं)। अयोध्या के महराजगंज थाना क्षेत्र में सरयू किनारे जंगल में एक महिला का शव मिला, जबकि उसके कथित प्रेमी का शव अंबेडकरनगर के अमरोली में मिलने की चर्चा है। सूचना मिलने पर कथित प्रेमी के भाई व पत्नी समेत अन्य परिजन अयोध्या रवाना हो गए। महिला के शव की शिनाख्त दिल्ली से अयोध्या पहुंचे बेटी और दामाद ने की है। बुधवार को अयोध्या की पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में कई गांवों में दबिश दी।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव की महिला नगर के मोहल्ला नखासा में रहती थी। पड़ोस में ही कोतवाली क्षेत्र के गांव परसेरा निवासी ऑटो चालक नेकसू यादव रहता था। बताते हैं कि नेकसू से महिला के संबंध थे। महिला एक सप्ताह पहले उसके साथ अयोध्या चली गई थी। मंगलवार को महिला का शव सरयू किनारे महराजगंज थाना क्षेत्र में मिला। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतका के पास से आधार कार्ड व अन्य कागजात मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने आधार कार्ड में दिए पते पर सूचना दी।
सूचना पर महिला की बेटी व दामाद दिल्ली से अयोध्या पहुंच गए, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की। बताया जाता है कि मंगलवार को ही अयोध्या की सीमा के पास आंबेडकरनगर के अमरोली थाना क्षेत्र के जंगल में एक अधेड़ का शव मिला, जिसकी कद काठी नेकसू की तरह बताई जा रही है।
हालांकि शव की शिनाख्त नही हुई है। सूचना पर नेकसू का भाई व पत्नी और अन्य परिजन भी अयोध्या रवाना हो गए। बुधवार को अयोध्या पुलिस गुरुसाई गंज इंस्पेक्टर ईशनारायण मिश्रा व एसआई मो. यासीन के नेतृत्व में पुलिस ने गांव बरखेड़ा, मोहकमपुर, परसेरा आदि स्थानों पर दबिश दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला महिलाओं की खरीद फरोख्त के लेनदेन के विवाद का प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।