Budaun News: सड़क किनारे खाई में मिला युवक का शव

10बीडीएन21-मौके पर जांच करती पुलिस। संवाद
– अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर का मामला, पुलिस हादसा तो लोग बता रहे हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर/म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खाई में युवक का शव मिला। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस किसी वाहन से टकराकर उसकी मौत होने की आशंका जता रही है, जबकि लोग हत्या कर शव फेंकने के बात कह रहे हैं।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे ईंट के भट्ठे के पास सड़क किनारे युवक का शव खाई में पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव खाई से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। युवक नीली जींस और शर्ट पहने था। उसकी उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। युवक के दाहिने हाथ पर हिंदी में अंकुश और ओम गुदा है।
शव के पास सड़क किनारे गाड़ी की हेडलाइट, साइड के शीशे और व्हील कवर टूटे पड़े मिले है। इससे पुलिस किसी वाहन से टकराकर उसकी मौत होने की आशंका जता रही है। सड़क पर घिसटने की वजह से उसके कपड़े फट गए। हालांकि लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
एसएचओ हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि किसी वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थित स्पष्ट हो सकेगी। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।



